Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
UTTAR PRADESH

धान क्रय केंद्रों पर टोकन के अनुसार होगी खरीद : जिलाधिकारी

विभागों और एजेंसियों को निर्देश देते डीएम पवन कुमार गंगवार।

मीरजापुर, 22 दिसम्बर (Udaipur Kiran) । खरीफ विपणन वर्ष 2025–26 के तहत मूल्य समर्थन योजना में धान खरीद को लेकर सोमवार को जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने सम्बंधित विभागों और एजेंसियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी क्रय केंद्रों पर टोकन रजिस्टर के अनुसार ही किसानों से धान की खरीद की जाए। किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए और पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से सम्पन्न कराई जाए।

जिला प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार जनपद को मिले 1,83,000 मीट्रिक टन लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 91,563.92 मीट्रिक टन धान की खरीद की जा चुकी है, जो लगभग 50 प्रतिशत है। इस खरीद में 16,513 किसानों ने धान बेचा है। खरीदे गए धान में से 53,131.92 मीट्रिक टन धान सम्बंधित चावल मिलों को भेजा जा चुका है। चावल मिलों द्वारा भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) को दिए जाने वाले कस्टम मिल्ड राइस (सीएमआर) के सापेक्ष अब तक 22,501.78 मीट्रिक टन चावल जमा कराया जा चुका है। वर्तमान में जनपद के कुछ ही डिपो पर सीएमआर का उतार हो रहा है, वह भी पूर्ण क्षमता से नहीं, जिससे भंडारण की समस्या सामने आ रही है।

जिलाधिकारी ने एफसीआई अधिकारियों को निर्देशित किया है कि जनपद के अन्य डिपो जैसे पगार, सिंह एग्रो, पथरहिया आदि में आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण कर सीएमआर का उतार तेज गति से शुरू कराया जाए। साथ ही पगार डिपो में पूर्व वर्षों के भंडारित चावल को रेल रैक के माध्यम से अन्य डिपो में स्थानांतरित कर भंडारण क्षमता बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए हैं।

इसके अलावा एफआरके (फोर्टिफाइड राइस कर्नेल) निर्माताओं को भी निर्देश दिया गया है कि जनपद के सभी चावल मिलों को उनकी मांग के अनुरूप प्राथमिकता के आधार पर एफआरके की आपूर्ति सुनिश्चित करें, ताकि सीएमआर जमा करने में कोई बाधा न आए।

—————

(Udaipur Kiran) / गिरजा शंकर मिश्रा

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *