Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
JHARKHAND

रांची के बेड़ो थाना क्षेत्र में अपराधी की गोली मारकर हत्या,जांच में जुटी पुलिस

फ़ाइल फ़ोटो

रांची, 21 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । दीपावली की देर रात बेड़ो थाना क्षेत्र के मुड़ामु गांव में पूर्व अपराधी सोमा उरांव की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना दीपावली के कार्यक्रम के दौरान हुई, जब सोमा उरांव का किसी व्यक्ति से विवाद हो गया। पुलिस इस मामले के आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बेड़ो थाना क्षेत्र स्थित मुड़ामु गांव में दीपावली के अवसर पर गांव के अखाड़ा में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। देर रात लगभग डेढ़ बजे इसी कार्यक्रम के दौरान पूर्व अपराधी सोमा उरांव का एक व्यक्ति के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों के बीच काफी देर तक कहासुनी होती रही। इसी कहासुनी के बीच सोमा उरांव को गोली मार दी गई। गोली लगने से सोमा की मौके पर ही मौत हो गई।

गोली चलने के बाद अखाड़े में अफरातफरी मच गई और लोग डर के मारे इधर-उधर भागने लगे। वारदात को अंजाम देने वाला व्यक्ति इसी भगदड़ का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में सफल रहा। घटना की सूचना मिलने के तुरंत बाद बेड़ो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

सर्किल इंस्पेक्टर उत्तम कुमार उपाध्याय ने इस संबंध में मंगलवार को बताया कि सोमवार की देर रात आपसी विवाद में पूर्व अपराधी रहे सोमा उरांव की गोली मारकर हत्या कर दी गयी है। जांच के क्रम में जो जानकारी मिली है, उसके अनुसार हत्याकांड को अंजाम देने वाला भी एक अपराधी ही है। हत्या का आरोपित मृतक सोमा उरांव का पूर्व परिचित था। हत्याकांड के जांच के लिए मौके पर एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया है। हत्यारे की पहचान हो गयी है। पुलिस उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।—————

(Udaipur Kiran) / विकाश कुमार पांडे

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *