

उज्जैन, 9 दिसंबर (Udaipur Kiran) . Madhya Pradesh के उज्जैन में चायना डोर की चपेट में आने से दो पहिया वाहन चालकों के घायल होने के बाद पुलिस ने हरिफाटक ब्रिज पर लोहे के तार लगा दिए है. इसी के साथ पुलिस की सायबर टीम ऑनलाइन प्लेटफार्म के माध्यम से चायना डोर बेचने वालों पर नजर रखें हुए है. वहीं गली मोहल्लों में चायना डोर का उपयोग करने वालों की भी खोजबीन की जा रही है.
मकर संक्रांति के पहले से ही शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पतंगबाजी शुरू हो जाती है. इसी के साथ शुरू होता है चायना डोर से घायल होने का क्रम. संभावित घटनाओं को टालने के लिए मंगलवार को महाकाल थाना पुलिस ने नगर निगम के सहयोग से हरिफाटक ब्रिज के दोनों ओर ताल लगाकर चायना डोर सुरक्षा देने का प्रयास किया है. एएसआई चंद्रभान सिंह चौहान ने बताया कि मंगलवार को नगर निगम की क्रेन की सहायता से लोहे के तार लगाए गए है. ब्रिज के दोनों ओर घरों की छतों से पतंग उडाई जाती है. जिसके कारण कई बार डोर के संपर्क में आने से लोग और महाकाल दर्शन करने आने वाले श्रद्धालु घायल हो चुके है. तार लगने से ब्रिज पर दो पहिया वाहन चालक चायना डोर के संपर्क में नहीं आ सकेंगे. जिससे हादसे की संभावना भी समाप्त हो जाएगी.
पुलिस ने चलाया अभियान
पिछले कुछ दिनों में हरिफाटक ब्रिज के साथ-साथ जीरो पाइंट ब्रिज पर दो पहिया वाहन चालक चायना डोर के कारण घायल हो चुके है. प्रशासन ने चायना डोर की खरीदी और बिक्री पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगाया हुआ है. यहीं कारण है कि पिछले कुछ दिनों से महाकाल थाना पुलिस लगातार तोपखाना स्थित पतंग बाजार में जाकर चायना डोर को खोज रही है. हालांकि पुलिस को अभी तक कहीं पर भी चायना डोर बेचे जाने की सूचना नहीं मिली है. पुलिस की टीम ने जागरूकता के लिए दुकानों पर चायना डोर प्रतिबंध के बेनर और पोस्टल भी लगवाए है.
जीरो पाइंट ब्रिज पर अभी भी इंतजार
गौरतलब है कि तीन दिन पहले ही गणेश नगर निवासी विपुल माहिवाल बाइक से जीरो पाइंट ब्रिज से गुजर रहा था. इसी दौरान चायना डोर से उसका गला कट गया. जिससे वह घायल हो गया था. विपुल ने दोस्तों के साथ जाकर इस मामले में एसपी को ज्ञापन देकर चायना डोर पर सख्ती से प्रतिबंध लगाने की मांग भी की थी. जीरो पाइंट ब्रिज पर पूर्व में लगाए गए तार टूट चुक है. अब यहां पर भी नए तार लगाने की आवश्यकता है.
हाईटेंशन लाइन में लटकी डोर
आगर रोड स्थित विराट नगर में हाईटेंशन लाईन पर लटकी चायना डोर को पकडऩे के दौरान 8 वर्ष का बालक करंट की चपेट में आ गया. बालक को झुलसी हुई अवस्था में परिजनों ने उपचार के लिए चरक अस्पताल में भर्ती करवाया है. घटना मंगलवार सुबह विराट नगर निवासी अमन पिता गोविंद 8 वर्ष के साथ हुई. अमन छत पर खेल रहा था, मकान के समीप से गुजर रही हाईटेंशन लाईन पर चायना डोर लटक रही थी. जिससे पकडऩे के दौरान अमन करंट की चपेट में आ गया. बच्चे की चीख सुनकर परिजन दौडक़र छत पर गए और उसके बाद बच्चे को उपचार के लिए चरक अस्पताल लेकर पहुंचे.
इनका कहना है…
कोतवाली थाना सर्कल सीएसपी राहुल देशमुख के अनुसार पुलिस की टीम ने चायना डोर के खिलाफ अभियान चलाया हुआ है. तोपखाना क्षेत्र में लगातार जांच की जा रही है. इसके अलावा हमारी सायबर सेल ने सोशल मीडिया और ऑललाइन प्लेटफार्म पर चायना डोर बेचने वालों पर भी नजर रखें हुए है. सुरक्षा की दृष्टि से हरिफाटक ब्रिज के दोनों ओर लोहे के तार लगाए गए है.
—————
(Udaipur Kiran) / ललित ज्वेल
