Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
UTTAR PRADESH

उत्तर प्रदेश विधान परिषद की 11 सीटों पर चुनाव के लिए राजनैतिक सरगर्मियां तेज

आगामी एमएलसी चुनाव

आगरा, 19 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । विधान परिषद में स्नातक एवं शिक्षक खंड की रिक्त होने वाली 11 महत्वपूर्ण सीटों पर चुनाव के लिए राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। 6 दिसम्बर को स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के खाली हो रही 11 सीटों के लिए मतदाता सूची संशोधन कार्य 30 सितम्बर से प्रारम्भ हो चुका है जो 6 नवम्बर तक चलेगा। समाजवादी पार्टी ने आगरा-अलीगढ़ निर्वाचन खंड के शिक्षक व स्नातक एमएलसी के लिए अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है।

समाजवादी पार्टी ने तेजी दिखाते हुए सबसे पहले आगरा-अलीगढ़ खंड के लिए शिक्षक व स्नातक सीट हेतु अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। एमएलसी शिक्षक सीट पर एटा निवासी प्रकाश चंद्र गुप्ता और स्नातक सीट के लिए एटा के ही शशांक यादव को अपना प्रत्याशी बनाया है।

बताते चलें कि वर्तमान में आगरा-अलीगढ़ खंड में स्नातक सीट पर भाजपा के मानवेंद्र प्रताप सिंह तथा शिक्षक सीट पर निर्दलीय रहे आकाश अग्रवाल वर्तमान एमएलसी हैं। आकाश अग्रवाल का भी झुकाव काफी दिनों से भाजपा की तरफ ही है और पार्टी सूत्रों की माने तो दोनों ही इस बार अपनी अपनी सीटों पर पुनः प्रत्याशी बनाए जाने के लिए जोर अजमाइश कर रहे हैं।

भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य ने बताया कि अभी भाजपा ने विधान परिषद चुनावों के लिए अपने प्रत्याशियों की घोषणा नहीं की। अभी कार्यकर्ता मतदाता सूची में नाम बढ़ाने के लिए मेहनत कर रहे हैं। आगरा के दोनों सीटों के लिए पार्टी स्तर पर विचार विमर्श के बाद जल्दी ही प्रत्याशियों की घोषणा की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि, स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की 5 व शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की 6 सीटें रिक्त हो रही हैं, जिनके लिए अगले वर्ष चुनाव होना है। रिक्त होने वाली सीटों में स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 5 सीटें-लखनऊ, वाराणसी, आगरा, मेरठ व इलाहाबाद-झांसी एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 6 सीटें लखनऊ, वाराणसी, आगरा, मेरठ, बरेली-मुरादाबाद और गोरखपुर-फैजाबाद शामिल है। इस तरह विधान परिषद की कुल 11 सीटों के लिए अगले वर्ष चुनाव होना है। आगरा-अलीगढ़ निर्वाचन खंड में आगरा सहित कल 12 जनपद, आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, अलीगढ़, एटा, कासगंज, हाथरस, फर्रुखाबाद, इटावा, कन्नौज व औरैया जनपद सम्मिलित हैं

इन विधान परिषद चुनावों के लिए मतदाता सूची का प्रकाशन 25 नवम्बर को किया जाएगा। मतदाता सूची पर दावे और आपत्तियां 10 दिसम्बर तक ली जाएंगी। 25 दिसम्बर तक मतदाता सूची पर दावे व आपत्तियां ली जाएंगी। फिर 30 दिसम्बर को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।

मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए एक नवम्बर से कम से कम तीन वर्ष पूर्व व्यक्ति का स्नातक पास होना जरूरी है। वहीं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए एक नवम्बर से तत्काल पहले ऐसे शैक्षिणिक संस्थान जिसका स्तर माध्यमिक विद्यालय से कम न हो, में विगत छह वर्षों के भीतर शिक्षण कार्य में न्यूनत तीन वर्ष की अवधि से कार्यरत हो। इन चुनावों में पहली बार ऑनलाइन मतदाता बनने की सुविधा दी गई है।

—————

(Udaipur Kiran) / Vivek Upadhyay

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *