Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
UTTAR PRADESH

मंडी समिति कायमगंज में दुकानों के आवंटन की कार्यवाही 2 सप्ताह रुकी

नीलामी के समय मौजूद व्यापारी

फर्रुखाबाद,23 दिसंबर (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जनपद में कायमगंज मंडी समिति परिसर में प्रस्तावित दुकानों की नीलामी मंगलवार को व्यापारियों के तीखे विरोध के चलते स्थगित कर दी गई। लखनऊ से आए मंडी परिषद के उप निदेशक और जिला प्रशासन के अधिकारियों के सामने व्यापारियों ने अपनी आपत्तियां रखी। व्यापारियाें ने कहा कि जब तक न्यायालय में लंबित मामलों का अंतिम निर्णय नहीं हो जाता, तब तक नई आवंटन प्रक्रिया आगे न बढ़ाई जाए।

नीलामी की प्रक्रिया शुरू होते ही बड़ी संख्या में व्यापारी मौके पर एकत्र हो गए और विरोध दर्ज कराया। व्यापारियों का कहना था कि सुपर मार्केट की कई दुकानें वर्षों से किराए पर चल रही हैं और इन्हें लेकर मामला पहले से ही न्यायालय में विचाराधीन है। हाल में कुछ दुकानदारों द्वारा पुनः याचिका दाखिल की गई है, ऐसे में नीलामी कराना उचित नहीं है।

व्यापारियों ने मंडी परिसर की बदहाल स्थिति का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उनका कहना था कि वर्षों पुरानी दुकानों के टीनशेड और प्लेटफॉर्म जर्जर हो चुके हैं। सड़कें क्षतिग्रस्त हैं। मूलभूत सुविधाएं भी ठीक से उपलब्ध नहीं हैं। उन्होंने मांग की कि दुकानों के मूल्य निर्धारण में उनकी वर्तमान स्थिति को ध्यान में रखते हुए ह्रास मूल्य जोड़ा जाए, साथ ही पेयजल, सड़क और अन्य सुविधाओं को दुरुस्त किया जाए।

मौके पर मौजूद मंडी परिषद के उप निदेशक संजय सिंह ने बताया कि कुछ खंडों की दुकानों के लिए आवेदन नहीं मिले हैं, जबकि सब्जी मंडी की दुकानों के लिए सीमित संख्या में आवेदन प्राप्त हुए थे। व्यापारियों की आपत्तियों और लंबित मामलों को देखते हुए फिलहाल पूरी नीलामी प्रक्रिया को स्थगित कर दिया गया है। अगली नीलामी की तिथि करीब दो सप्ताह बाद तय की जाएगी।

उन्होंने यह भी बताया कि व्यापारियों की मांग पर मंडी परिसर में पेयजल और अलाव की व्यवस्था तत्काल सुधारने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही निर्माण विभाग से मंडी की सड़कों और जर्जर टीनशेड का सर्वे कराकर आवश्यक मरम्मत कराए जाने की कार्रवाई भी की जाएगी।

—————

(Udaipur Kiran) / Chandrapal Singh Sengar

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *