Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
BIHAR

पंचायत सरकार भवन के निर्माण को लेकर विरोध प्रदर्शन

मुखिया का सांकेतिक प्रदर्शन

भागलपुर, 29 दिसंबर (Udaipur Kiran) । जिले के पीरपैंती प्रखंड के हरिनकोल पंचायत में प्रस्तावित मॉडर्न पंचायत सरकार भवन के निर्माण को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। अनोखे विरोध प्रदर्शन के बाद अब इस मामले में एक नया मोड़ आ गया है।

पंचायत के मुखिया दीपक कुमार सिंह की अध्यक्षता में सामुदायिक भवन में ग्राम सभा का आयोजन किया गया। ग्राम सभा में मुखिया ने आरोप लगाया कि पंचायत और ग्रामीणों की बातों को लगातार दरकिनार किया जा रहा है तथा नियमों की अनदेखी कर भवन निर्माण कराया जा रहा है। ग्राम सभा के बाद मुखिया और सैकड़ों ग्रामीण पंचायत सरकार भवन के प्रस्तावित निर्माण स्थल पर पहुंचे, जहां लगभग 35 फीट क्षेत्र में मिट्टी भराई कर अतिक्रमण को मुक्त कराया गया।

इस दौरान मुखिया दीपक सिंह ने प्रतीकात्मक विरोध दर्ज कराते हुए अपने माथे पर मिट्टी उठाकर खुद मिट्टी भराई की। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन पंचायत के अधिकार और ग्राम सभा के निर्णय की रक्षा के लिए है।

मुखिया दीपक सिंह ने आरोप लगाया कि पंचायत सरकार भवन निर्माण में ठेकेदार और संबंधित अधिकारी मनमाने तरीके से कार्य करवाना चाहते हैं, जो किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि हम और हमारे ग्रामीण श्रमदान के माध्यम से स्वयं मिट्टी भराई कर रहे हैं, ताकि अतिक्रमण हटाकर पंचायत की भूमि को सुरक्षित किया जा सके। मुखिया ने स्पष्ट किया कि ग्राम सभा द्वारा पहले ही पंचायत सरकार भवन के लिए 55 फीट × 160 फीट भूमि की स्वीकृति दी जा चुकी है, जबकि शेष भूमि ग्रामीणों के आवागमन के लिए रास्ते के रूप में सुरक्षित है। इसके बावजूद भवन निर्माण विभाग और ठेकेदार द्वारा अधिक क्षेत्र में निर्माण की कोशिश की जा रही है।

उन्होंने यह भी बताया कि इस पूरे मामले को लेकर लगभग छह माह पूर्व जिलाधिकारी को लिखित शिकायत दी गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है,जिससे ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों ने एक स्वर में कहा कि जब तक ग्राम सभा के निर्णय के अनुसार निर्माण नहीं होगा, तब तक विरोध प्रदर्शन और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी रहेगी। इस घटनाक्रम के बाद पूरे इलाके में प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है।

—————

(Udaipur Kiran) / बिजय शंकर

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *