Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
UTTAR PRADESH

अभाविप, काशी प्रांत के प्रांतीय अधिवेशन का जौनपुर में हुआ शुभारम्भ

पूर्वांचल विश्वविद्यालय में चल रही अभाविप के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि प्रांत प्रचारक रमेश जी
पूर्वांचल विश्वविद्यालय में चल रही अभाविप सम्मेलन में अभाविप की कला मंच की कार्यकर्ता द्वारा पद्मश्री से सम्मानित योगेश्वर दत्त का चित्र बनाकर भेट करते हुए सम्मानित करते हुए अतिथि लोग
पद्मश्री योगेश्वर दत्त जी प्रख्यात भारतीय कुश्ती खिलाड़ी विशिष्ट अतिथि, उद्घाटन सत्र के दौरान लोगो को संबोधित करते हुए
दीप प्रज्वलन करते उद्घाटन सत्र के मंचस्थ अतिथि

जौनपुर 29 दिसम्बर (Udaipur Kiran) । यूपी के जौनपुर में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, काशी प्रांत के 65वें प्रांतीय अधिवेशन का भव्य शुभारम्भ सोमवार को वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में अस्थाई रूप से बसाए गए ‘रानी अब्बक्का नगर’ के ‘महंत अवैद्यनाथ सभागार’ में हुआ। मुख्य अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, काशी प्रांत के प्रांत प्रचारक रमेश ने कहा कि, वर्तमान समय में भारतवर्ष को एक बार फिर राष्ट्रीय पुनरुत्थान की आवश्यकता है, जिसका आधार ज्ञान और चरित्र की शिक्षा होनी चाहिए। एकता में ही वास्तविक शक्ति है, जो शांति की स्थापना करती है।

उन्हाेंने कहा कि देश तभी सशक्त बनेगा जब हम ‘व्यक्ति की जय’ के स्थान पर ‘भारत की जय’ के संकल्प के साथ कार्य करेंगे। राष्ट्र निर्माण के लिए जन-जन में परिवर्तन और मातृ-शक्ति का शिक्षित होना अनिवार्य है। साथ ही, यह हमारी जिम्मेदारी है कि हम युवाओं को नशे के चंगुल से बचाएं और राष्ट्र के शत्रुओं व मित्रों की सही पहचान करें, ताकि हमारे अस्तित्व पर कोई संकट न आए।

अधिवेशन का शुभारम्भ सोमवार सुबह संगठन के ध्वज के ध्वजारोहण और सामूहिक वंदे मातरम् के साथ हुआ। अभाविप, काशी प्रांत के निवर्तमान प्रांत मंत्री अभय प्रताप सिंह ने विगत वर्ष का वृत्त प्रस्तुत करते हुए यह आंकड़ा रखा कि अभाविप, काशी प्रांत ने इस वर्ष सदस्यता के सभी पुराने आंकड़ों को पीछे छोड़ 3,86,091 विद्यार्थियों की सदस्यता की है। अभाविप, काशी प्रांत की संगठनात्मक यात्रा में यह संख्या सर्वाधिक है।

विशिष्ट अतिथि प्रख्यात भारतीय कुश्ती खिलाड़ी पद्मश्री योगेश्वर दत्त ने कहा कि,अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता सदैव अपनी व्यक्तिगत आकांक्षाओं से ऊपर उठकर राष्ट्र के बारे में सोचते हैं। यह संगठन निरंतर देश को गढ़ने और उसे प्रगति के पथ पर आगे ले जाने के विजन के साथ कार्य कर रहा है। किसी भी राष्ट्र की असली शक्ति उसके युवाओं में निहित होती है यदि युवा मानसिक और शारीरिक रूप से मजबूत हैं, तो राष्ट्र स्वतः ही सशक्त बन जाता है। राष्ट्र निर्माण में समाज के हर वर्ग का योगदान अतुलनीय है, जहाँ खिलाड़ी वैश्विक पटल पर देश का मान बढ़ाते हैं और फौजी सीमाओं की रक्षा करते हैं, वहीं शिक्षक भावी पीढ़ी को शिक्षित कर देश का आधार तैयार करते हैं। हमें यह समझना होगा कि निस्वार्थ भाव से की गई समाज सेवा भी वास्तव में देश सेवा ही है। हमारा लक्ष्य पूरे समाज को एकजुट कर साथ लेकर चलना होना चाहिए ताकि हम मिलकर भारत को उन्नति की नई ऊंचाइयों पर पहुँचा सकें।

अभाविप के राष्ट्रीय मंत्री अभय प्रताप सिंह ने कहा कि,आज के समय में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद एक ऐसे छात्र संगठन के रूप में कार्यरत है, जिसका मूल संकल्प केवल राष्ट्र सेवा है। वर्तमान दौर में युवा पीढ़ी के सामने बढ़ता हुआ ‘स्क्रीन टाइम’ एक गंभीर चुनौती है, जो मानसिक अवसाद का एक बड़ा कारण बनता जा रहा है। इसके साथ ही, आज शैक्षणिक परिसरों में ऐसी विचारधाराओं की अधिकता दिखती है जो समाज को तोड़ने का प्रयास करती हैं, जबकि सकारात्मक रूप से जोड़ने वाले लोग कम हैं। अतः यह अनिवार्य है कि छात्र शक्ति जागरूक बने और विध्वंसक प्रवृत्तियों को त्यागकर एकजुट होकर राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान दे।

इस दौरान मंच पर अतिथियों के साथ नवनिर्वाचित प्रांत अध्यक्ष डॉ महेंद्र त्रिपाठी, नवनिर्वाचित प्रांत मंत्री शिवम सिंह, स्वागत समिति अध्यक्ष ज्ञान प्रकाश एवं स्वागत समिति मंत्री पुष्पराज सिंह उपस्थित रहे।

(Udaipur Kiran) / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *