Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
HEADLINES

आंध्र प्रदेश की रेल कनेक्टिविटी परियोजनाओं में तेजी, मछलीपट्टनम बंदरगाह को दक्षिण भारत से जोड़ने पर विशेष जोर: रेल मंत्री

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव बुधवार को लोकसभा में प्रश्नकाल के दौरान

नई दिल्ली, 3 दिसंबर (Udaipur Kiran) । रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बुधवार को आंध्र प्रदेश में जारी रेल कनेक्टिविटी परियोजनाओं, विशेषकर मछलीपट्टनम बंदरगाह से जुड़ी लाइनों की प्रगति पर कहा कि रेपल्ले-बापटल-मछलीपट्टनम रेल अलाइनमेंट अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह सीधे मछलीपट्टनम पोर्ट को दक्षिण भारत के विभिन्न राज्यों से जोड़ने में अहम भूमिका निभाएगा। मंत्री ने बताया कि इस परियोजना को उच्च प्राथमिकता दी गई है और इसका डीपीआर तैयारी के चरण में है।

रेल मंत्री ने लोकसभा में प्रश्नकाल के दौरान स्पष्ट किया कि मछलीपट्टनम पोर्ट को विजयवाड़ा के माध्यम से जोड़ने वाली रेल कनेक्टिविटी में हाल के वर्षों में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। विजयवाड़ा-मछलीपट्टनम डबलिंग कार्य पूरा हो चुका है। विजयवाड़ा-तेनाली थर्ड लाइन का काम जारी है। इसके साथ ही गुडिवाडा-दुग्गिराला रूट का सर्वेक्षण प्रगति पर है। रेपल्ले–बापटल खंड के लिए डीपीआर तैयार किया जा रहा है, जबकि गुडिवाडा–भीमावरम–नरसापुरम खंड की डबलिंग का काम भी पूरा हो चुका है।

मंत्री ने रेखांकित किया कि रेलवे बजट में हुई भारी बढ़ोतरी ने आंध्र प्रदेश में बुनियादी ढांचा विकास को नई गति दी है। उन्होंने बताया कि साल 2014 से पहले संयुक्त आंध्र-तेलंगाना राज्य को मिलाकर कुल रेलवे बजट मात्र 886 करोड़ रुपये था, जबकि आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आंध्र प्रदेश को अकेले 9,417 करोड़ रुपये का रेल बजट दिया जा रहा है।

रेल मंत्री ने कहा कि बजट में यह अभूतपूर्व वृद्धि आंध्र प्रदेश में रेल परियोजनाओं को तेजी देने के साथ-साथ राज्य के आर्थिक एवं औद्योगिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है।

————

(Udaipur Kiran) / सुशील कुमार

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *