Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
UTTAR PRADESH

घने कोहरे में सड़क हादसा रोकने के लिए ई-रिक्शा चालकों को दिया गया रिफ्लेक्टर जैकेट

ई-रिक्शा चालकों में रिफ्लेक्टर जैकेट वितरण

—ई-रिक्शाओं पर रिफ्लेक्टर टेप लगाने का अभियान,मुख्यमंत्री के निर्देश पर विशेष सड़क-सुरक्षा कार्यक्रम

वाराणसी,23 दिसंबर (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश के वाराणसी में इन दिनों घने कोहरे को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सड़क दुर्घटना रोकने और लोगों की जीवन रक्षा के लिए विशेष दिशा निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद मंगलवार को एक विशेष सड़क-सुरक्षा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के जरिए नगर क्षेत्र में रात्रिकालीन शून्य दृश्यता की स्थिति में ई-रिक्शा चालकों को जागरूक करने के साथ उन्हें रिफ्लेक्टर जैकेट दिया गया। इसके अलावा उनके ई-रिक्शाओं पर रिफ्लेक्टर टेप भी लगाया गया। ताकि कोहरा, धुंध, अंधकार और कम रोशनी की स्थिति में ई-रिक्शा दूर से ही स्पष्ट रूप से दिखाई दे सकें।

कार्यक्रम के दौरान अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय) शिवहरी मीणा ने ई-रिक्शा चालकों को संबोधित करते हुए कहा कि रात्रि समय, प्रातःकालीन कोहरे तथा कम दृश्यता की स्थिति में रिफ्लेक्टर जैकेट पहनना अनिवार्य होगा। ई-रिक्शा पर लगाए गए रिफ्लेक्टर टेप को हटाने, ढकने, क्षतिग्रस्त करने या पेंट व विज्ञापन से छिपाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक चालक वाहन संचालन से पूर्व हेडलाइट, ब्रेक लाइट, इंडिकेटर, हॉर्न, टायर और बैटरी सिस्टम की दैनिक जांच सुनिश्चित करे। बिना कार्यशील हेडलाइट या खराब प्रकाश व्यवस्था के साथ ई-रिक्शा का संचालन किसी भी स्थिति में नहीं किया जाएगा। ई-रिक्शा में ओवरलोडिंग पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगी और निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी बैठाने पर कार्रवाई होगी।

अपर पुलिस आयुक्त ने कहा कि सभी चालक निर्धारित गति सीमा का पालन करते हुए सुरक्षित, संतुलित और अनुशासित ढंग से वाहन चलाएं। गलत दिशा में वाहन संचालन, बिना संकेत मोड़ काटना, अचानक ब्रेक लगाना और लापरवाह ड्राइविंग सख्त रूप से वर्जित है। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन, ईयरफोन या हेडफोन का प्रयोग भी पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। सवारियों को केवल निर्धारित और सुरक्षित स्थानों पर ही बैठाया और उतारा जाएगा।

भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, चौराहों, स्कूल-कॉलेज, अस्पतालों और धार्मिक स्थलों के आसपास विशेष सतर्कता बरतने और धीमी गति अपनाने के निर्देश दिए गए। वर्षा, कोहरा या प्रतिकूल मौसम में सुरक्षित दूरी बनाए रखते हुए अतिरिक्त सावधानी रखने पर जोर दिया गया। ई-रिक्शा को सड़क के मध्य, मोड़ पर, नो-पार्किंग क्षेत्र या यातायात बाधित करने वाले स्थानों पर खड़ा नहीं किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि यातायात पुलिस द्वारा की जाने वाली चेकिंग, सत्यापन और यातायात प्रबंधन कार्यवाही में सभी चालक पूर्ण सहयोग करें। सड़क-सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि यह सामूहिक दायित्व है। उन्होंने यह भी बताया कि कमिश्नरेट वाराणसी पुलिस द्वारा भविष्य में भी सड़क-सुरक्षा और यातायात जागरूकता से जुड़े ऐसे कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाते रहेंगे। इस अवसर पर अपर पुलिस उपायुक्त यातायात अंशुमान मिश्रा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

—————

(Udaipur Kiran) / श्रीधर त्रिपाठी

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *