Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
JHARKHAND

छठ पर्व को लेकर उपायुक्त ने किया छठ घाटों का निरीक्षण, दिये कई निर्देश

छठ घाटों का निरीक्षण करते उपायुक्‍त

रांची, 22 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । आगामी छठ पर्व को लेकर उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने बुधवार को जिला प्रशासन की पूरी टीम के साथ शहर के प्रमुख छठ घाटों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने घाटों पर सफाई व्यवस्था, सुरक्षा, प्रकाश, पेयजल, बैरिकेडिंग, यातायात प्रबंधन की विस्तृत समीक्षा की।

प्रशासनिक टीम ने कांके डैम, हटनिया तालाब, चडरी तालाब, बड़ा तालाब (रांची झील) और धुर्वा डैम जैसे प्रमुख छठ घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया। उपायुक्त ने मौके पर ही अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिया और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता में रखने पर बल दिया।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिया निर्देश

उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए निर्देश दिया कि सभी प्रमुख घाटों पर पुलिस बल, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें तैनात रहे। उन्होंने घाटों पर सुरक्षा बैरिकेडिंग, गोताखोरों की मौजूदगी और कंट्रोल रूम की सक्रियता सुनिश्चित करने को कहा।

सुरक्षित गहराई तक ही जल में प्रवेश करें श्रद्धालु

श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर उपायुक्त ने अपील की है कि श्रद्धालु केवल सुरक्षित गहराई तक ही जल में प्रवेश करें।

उन्होंने कहा कि प्रशासन सभी आवश्यक सुरक्षा प्रबंध किए जा रहे हैं, लेकिन सतर्कता और संयम भी उतने ही आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि वे छठ पर्व के दौरान प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, घाटों पर स्वच्छता बनाए रखें और सुरक्षा नियमों का पालन करें। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन के विभिन्न विभागों के समन्वित प्रयास से यह पर्व सुरक्षित, स्वच्छ और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न होगा।

उपायुक्त ने मौके पर नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी घाटों की साफ-सफाई, कचरा निस्तारण और कीचड़ हटाने का कार्य पूरा करें। साथ ही बिजली विभाग को सभी घाटों पर स्थायी व अस्थायी लाइट की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा, ताकि अर्घ्य के समय श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो।

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने विभिन्न घाटों पर उपस्थित पूजा समिति के सदस्यों से बातचीत की। उन्होंने घाटों पर स्थानीय प्रबंधों की जानकारी ली और सभी समितियों से कहा कि वे प्रशासन के साथ पूर्ण सहयोग करें। उन्होंने कहा कि आस्था का यह महापर्व जिला प्रशासन और स्थानीय समितियों के सहयोग से स्वच्छ, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जाएगा।

वहीं उपायुक्त ने सिविल सर्जन को प्रत्येक प्रमुख घाट पर एम्बुलेंस और मेडिकल टीम की तैनाती करने के आदेश दिया, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में तुरंत चिकित्सीय सहायता मिल सके।

निरीक्षण के दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) राजेश्वरनाथ आलोक, अनुमंडल पदाधिकारी, सदर उत्कर्ष कुमार, पुलिस अधीक्षक, यातायात राकेश सिंह, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी उर्वशी पांडेय, नगर निगम, पथ निर्माण, बिजली, पीएचईडी सहित अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।

—————

(Udaipur Kiran) / Vinod Pathak

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *