शीतलहर से बचाव को लेकर जिलाधिकारी सख्त, अलाव व्यवस्था व स्वास्थ्य सेवाओं पर दिए कड़े निर्देश

औरैया, 30 दिसंबर (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश के औरैया के जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने कलेक्ट्रेट स्थित कार्यालय कक्ष में जूम मीटिंग के माध्यम से विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि शीतलहर से बचाव हेतु नगरीय क्षेत्र के साथ-साथ ग्राम पंचायत स्तर तक अलाव व अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं हर हाल में सुनिश्चित की जाएं, ताकि आमजन को ठंड से राहत मिल सके। साथ ही शीतलहर से बचाव के उपायों को लेकर जनजागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।
जिलाधिकारी ने आईजीआरएस व सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए निर्देश दिया कि दो दिन के भीतर निस्तारण में सुधार कर संतुष्टि प्रतिशत 70 फीसदी तक पहुंचाया जाए, अन्यथा वेतन आहरण पर रोक लगाई जाएगी। उन्होंने इसे शासन की प्राथमिकताओं से जुड़ा विषय बताया।
स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा के दौरान सीएचसी व पीएचसी प्रभारियों को अपने तैनाती स्थल पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने तथा प्रतिदिन प्रातः 10 बजे जूम मीटिंग में प्रतिभाग करने के निर्देश दिए गए। अनुपस्थित पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
शीतलहर को देखते हुए गोआश्रय स्थलों में गोवंशों के संरक्षण, खान-पान व ठंड से बचाव की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा प्रतिदिन निरीक्षण आख्या सीडीओ को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में वाणिज्य कर विभाग व एआईजी स्टांप के अनुपस्थित रहने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।
—————
(Udaipur Kiran) कुमार



