जिला समन्वय समिति की बैठक में विकास कार्यों की समीक्षा

कटिहार, 15 दिसंबर (Udaipur Kiran) । जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी की अध्यक्षता में जिला समन्वय समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागीय योजनाओं की समीक्षा की गई और विकास कार्यों को गति देने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने सभी अंचलाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, खेल मैदान, पानी की टंकी, पंचायत भवन एवं आंगनबाड़ी केंद्र आदि के लिए भूमि उपलब्ध कराएं और एनओसी प्रक्रिया को शीघ्रता से पूरा करें। उन्होंने जोर देकर कहा कि भूमि संबंधी अड़चनों को तत्काल दूर किया जाए, ताकि निर्माण कार्य प्रारंभ हो सकें।
अपर समाहर्ता, आपदा प्रबंधन द्वारा आपदा प्रबंधन कोष से किए गए अग्रिम भुगतान के उपयोगिता प्रमाण-पत्र को सभी अंचलाधिकारियों से शीघ्र जिला मुख्यालय में प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया। बैठक में शिक्षा, पर्यटन, कला-संस्कृति एवं युवा, खेल, परिवहन, मद्य निषेध, नगर निगम, श्रम संसाधन, पथ निर्माण प्रमंडल, ग्रामीण पथ प्रमंडल, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण प्रमंडल सहित अन्य सभी संबंधित विभागों की गतिविधियों तथा योजनाओं की भी समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय बढ़ाने तथा जनकल्याणकारी योजनाओं को आम नागरिकों तक प्रभावी ढंग से पहुँचाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर अपर समाहर्ता, उप विकास आयुक्त, नगर आयुक्त (नगर निगम), अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) सहित जिला समन्वय समिति के अन्य सभी पदाधिकारीगण उपस्थित थे।
—————
(Udaipur Kiran) / विनोद सिंह



