झारखंड सरकार और बीओआई के बीच सैलरी पैकेज समझौता 23 को : गुरु प्रसाद

रांची, 22 दिसंबर (Udaipur Kiran) । बैंक ऑफ इंडिया (बीओआई) की ओर से राज्य सरकार के स्थायी, संविदा कर्मचारी और पेंशनधारकों के कल्याण एवं सामाजिक सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए एक ऐतिहासिक पहल की जा रही है। यह जानकारी बैंक ऑफ इंडिया रांची के फील्ड महाप्रबन्धक गुरु प्रसाद गोंद ने सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में दी। उन्होंने बताया कि मंगलवार को झारखंड सरकार और बैंक ऑफ इंडिया के मध्य प्रोजेक्ट भवन में एक ऐतिहासिक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर औपचारिक रूप से हस्ताक्षर किए जाएंगे।
महाप्रबंधक ने कहा कि यह समझौता केवल एक बैंकिंग व्यवस्था नहीं, बल्कि झारखंड सरकार के कर्मचारियों और उनके परिवारों की सुरक्षा, सम्मान और भविष्य की चिंता को ध्यान में रखते हुए किया गया एक संवेदनशील कदम है। इस समझौते के अंतर्गत बैंक ऑफ इंडिया की ओर से राज्य सरकार के कर्मचारियों को इस सैलरी पैकेज समझौता ज्ञापन (एमओयू) के अंतर्गत बैंक ऑफ इंडिया की ओर से वेतन खाताधारक कर्मचारियों को बिना किसी अतिरिक्त प्रीमियम के अत्यंत महत्वपूर्ण निःशुल्क बीमा सुरक्षा दी जाएगी, जिससे कठिन परिस्थितियों में उनके परिवारों को आर्थिक सहारा मिल सकेगा।
2 करोड़ रुपये तक होगा निःशुल्क हवाई दुर्घटना बीमा
उन्होंने बताया कि इस समझौता के तहत 2 करोड़ रुपये तक का निःशुल्क हवाई दुर्घटना बीमा, 1 करोड रुपये तक करोड़ का निःशुल्क व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा बिना शर्त के परिवार को आर्थिक सहारा देगा। इसके अलावा डेबिट कार्ड पर 10 लाख रुपये का निःशुल्क बीमा कवर, बच्चों की शिक्षा के लिए 10 लाख रुपये तक अलग से प्रावधान किया गया है, ताकि किसी भी विपरीत परिस्थिति में कर्मचारियों के बच्चों की शिक्षा बाधित न हो। इसके साथ खाताधारको को अनेकों मुफ्त बैंकिंग सुविधाएं दी जाएंगी।
बीओआइ के महाप्रबंधक ने यह भी उल्लेख किया कि इस पहल का उद्देश्य कर्मचारियों को केवल वित्तीय सेवाएं देना नहीं, बल्कि उन्हें सुरक्षित और सशक्त जीवन देना है।
बैंक ऑफ इंडिया सदैव से अपने ग्राहकों के साथ-साथ सरकारी कर्मचारियों के हितों की रक्षा एवं उनके सामाजिक कल्याण के लिए प्रतिबद्ध रहा है।
गुरु प्रसाद गोंद ने बताया कि मंगलवार को आयोजित होने वाले कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की की अध्यक्षता में की जाएगी।
उन्होंने कहा कि यह सैलरी समझौता झारखंड सरकार के कर्मचारियों के लिए सुरक्षा और सम्मान का प्रतीक बनेगा एवं बैंक ऑफ इंडिया और राज्य सरकार के बीच सहयोग को एक नई ऊंचाई देगा।
—————
(Udaipur Kiran) / Vinod Pathak



