सीएम के व्यवहार के विरोध में सीमांचल अधिकार मंच ने की सार्वजनिक माफी की मांग

अररिया 16 दिसम्बर(Udaipur Kiran) । पटना मे डॉक्टरों के नियुक्ति पत्र वितरण समारोह के दौरान रविवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा एक महिला डॉक्टर का हिजाब खींचने से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। इसी क्रम में मंगलवार को सीमांचल अधिकार मंच की एक बैठक फारबिसगंज फैंसी मार्केट में अध्यक्ष शाहजहां शाद की अध्यक्षता में आयोजित की गई।
बैठक में मौजूद लोगों ने मुख्यमंत्री के इस कृत्य की कड़े शब्दों में निंदा की और इसे महिलाओं के सम्मान और गरिमा पर सीधा हमला बताया। मंच के सदस्यों ने कहा कि सार्वजनिक मंच पर किसी महिला के पहनावे के साथ इस तरह का व्यवहार न केवल असंवेदनशील है, बल्कि यह महिलाओं के आत्मसम्मान को ठेस पहुंचाने वाला भी है।
अध्यक्ष शाहजहां शाद ने कहा कि मुख्यमंत्री जैसे संवैधानिक पद पर आसीन व्यक्ति से इस प्रकार के आचरण की अपेक्षा नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि महिलाओं की व्यक्तिगत आस्था, पहनावे और सम्मान का संरक्षण करना सरकार की जिम्मेदारी है, न कि उसका अपमान करना।
बैठक में उपस्थित लोगों ने मुख्यमंत्री से सार्वजनिक रूप से माफी की मांग करते हुए कहा कि ऐसी घटनाएं समाज में गलत संदेश देती हैं। साथ ही मंच ने चेतावनी दी कि यदि इस मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया, तो सीमांचल अधिकार मंच लोकतांत्रिक तरीके से विरोध को और तेज करेगा।
बैठक में अध्यक्ष शाहजहां शाद, सचिव एकराम अंसारी, वाहिद अंसारी,अब्दुर्रहमान क़ासमी, मौलाना फारूक मजाहिरी, फिरोज़ नोमानी,गुड्डू अली, नसीम अंसारी,राशीद जुनैद,अफजल हुसैन आदि मौजूद रहे।
(Udaipur Kiran) / राहुल कुमार ठाकुर



