Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
UTTAR PRADESH

हर जरूरतमंद की सेवा ही सरकार का लक्ष्य : मुख्यमंत्री योगी

जनता दर्शन में लोगों की समस्याएं सुनते मुख्यमंत्री योगी

-मुख्यमंत्री योगी ने सोमवार को भी ‘जनता दर्शन’ में सुनीं फरियादें

लखनऊ, 15 दिसंबर (Udaipur Kiran) । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को भी अपने ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम के तहत प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए फरियादियाें से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने सभी लाेगाें से उनका प्रार्थना पत्र लिया और उनकी समस्या का समाधान के लिए अधिकारियों को सख्त व उचित कार्रवाई का निर्देश दिया।

‘जनता दर्शन’ में पहुंचे एक पीएसी के सिपाही ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अपनी समस्या बताई। इस पर मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारी को सिपाही का प्रार्थना पत्र देते हुए मामले के उचित निस्तारण का निर्देश दिया। शाहजहांपुर से आए एक किसान ने मुख्यमंत्री से धान खरीद केंद्र की लापरवाही की शिकायत की। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार अन्नदाता किसानों की समृद्धि के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्हें किसी प्रकार की समस्या न हो, शासन-प्रशासन के अधिकारी इसका ध्यान रखें। मुख्यमंत्री ने शाहजहांपुर के जिलाधिकारी को निर्देशित किया कि क्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण करें। किसी भी केंद्र पर धान ले जाने वाले किसानों को परेशानी नहीं होनी चाहिए। प्रयागराज से भी कुछ फरियादी अपनी शिकायत लेकर पहुंचे। इस पर मुख्यमंत्री संबंधित मामले में प्रयागराज के जिला व पुलिस प्रशासन को निर्देशित किया कि इन समस्याओं का निस्तारण कराएं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि हर जरूरतमंद की सेवा ही सरकार का लक्ष्य है। सरकार पहले दिन से ही लोगों की सेवा, सुरक्षा व सम्मान के लिए प्रतिबद्ध है। साढ़े 8 वर्ष में जनता की समस्या सुनने और उसके निराकरण के लिए सरकार नियमित रूप से कार्य कर रही है। उन्होंने ‘जनता दर्शन’ में आए लोगों को आश्वस्त किया कि हर समस्या का उचित निस्तारण कराएंगे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अभिभावकों के साथ आए बच्चों से भी मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने सभी से नाम पूछा, चॉकलेट दी और मन लगाकर पढ़ने को कहा। उन्होंने बच्चों को उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद भी दिया।

(Udaipur Kiran) / दिलीप शुक्ला

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *