Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
UTTAR PRADESH

शारदीय नवरात्र: वाराणसी नगर निगम सीमा क्षेत्र में बारह स्थानों पर होगा मूर्ति विसर्जन

फोटो प्रतीक

— शारदीय नवरात्र में नवदुर्गा मंदिरों में सफाई की नगर निगम का विशेष व्यवस्था

—दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के लिए चिन्हित कुण्डों, तालाबों पर कर्मचारी तैनात

वाराणसी, 24 सितम्बर (Udaipur Kiran News) । उत्तर प्रदेश के वाराणसी में नगर निगम प्रशासन ने शारदीय नवरात्र को लेकर नगर क्षेत्र में विशेष सफाई व्यवस्था और दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। नगर निगम आयुक्त अक्षत वर्मा के निर्देशन में नवरात्र के दौरान नवदुर्गा मंदिरों के आसपास सफाई, प्रकाश व्यवस्था, कीटनाशक छिड़काव और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

नगर आयुक्त ने बताया कि दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के लिए नगर निगम क्षेत्र में कुल 12 कुंडों और तालाबों को चिन्हित किया गया है। इन स्थलों पर सुचारु व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की तैनाती कर दी गई है।

—नवदुर्गा मंदिरों में विशेष सफाई और व्यवस्थाएं

नगर निगम ने नगर क्षेत्र में स्थित नवदुर्गा मंदिरों — माँ शैलपुत्री, माँ ब्रह्मचारिणी, माँ चंद्रघंटा, माँ कूष्मांडा, माँ स्कंदमाता, माँ कात्यायनी, माँ कालरात्रि, माँ महागौरी और माँ सिद्धिदात्री — के आसपास उत्कृष्ट सफाई, नियमित कीटनाशक छिड़काव, स्ट्रीट लाइट की कार्यशीलता, सीवर समस्या का त्वरित समाधान, तथा पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा मंदिर परिसरों और संपर्क मार्गों पर जरूरत के अनुसार सड़क पैचवर्क और इंटरलॉकिंग कार्य कराए जा रहे हैं।

—पूजा पंडालों में स्वच्छता अभियान

नगर निगम की ओर से सभी पूजा पंडालों में स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। पंडाल संचालकों से समन्वय स्थापित करते हुए बायोडिग्रेडेबल पॉलिथीन बैग उपलब्ध कराए जाएंगे ताकि कूड़े का त्वरित निस्तारण हो सके।

—वाराणसी में मूर्ति विसर्जन की व्यवस्था: सभी जोनों में तैनात होंगे अधिकारी

नगर आयुक्त ने सभी आठ जोनों में मूर्ति विसर्जन के लिए अलग-अलग स्थलों को निर्धारित किया है। हर स्थल पर क्षेत्रीय सहायक अभियंता, अवर अभियंता और राजस्व निरीक्षक की तैनाती की गई है, जो विसर्जन प्रक्रिया का नियमित निरीक्षण करेंगे। जारी आदेश के अनुसार रामनगर इलाके की सभी मूर्तियॉ रामनगर के बलुआघाट पर विर्सजित की जायेंगी। वरूणापार जोन के सभी मूर्तियॉ खड़गपुर तालाब (वार्ड गनेशपुर) में स्थित तालाब में विर्सजित होगी। ऋषि माण्डवी जोन के सभी मूर्तियॉ रेवागीर पोखरा तथा विश्व सुन्दरी पुल के पास विसर्जित की जायेंगी। भेलूपुर जोन में स्थापित प्रतिमायें विश्व सुन्दरी पुल, जलकल परिसर, चितईपुर कुण्ड में विसर्जित की जायेंगी। आदमपुर जोन की प्रतिमायें क्रमशः धनेसरा तालाब, मछोदरी पार्क कुण्ड तथा डोमरी पुल के नीचे विसर्जित की जायेंगी। दशाश्वमेध जोन की प्रतिमायें लक्ष्मीकुण्ड में विसर्जित की जायेंगी। कोतवाली जोन की प्रतिमायें मंदाकिनी कुंड कंपनी गार्डेन में विसर्जित की जायेंगी। सारनाथ जोन की प्रतिमायें मवैया पोखरा, मवैया पुराना आर0टी0ओ0 तिराहा के पास विसर्जित की जायेंगी।

नगर निगम द्वारा इन स्थलों पर विसर्जन को सुचारु और सुरक्षित बनाने के लिए आवश्यक सुविधाएं बैरिकेडिंग, जल सुरक्षा इंतजाम, रोशनी और सफाई व्यवस्था उपलब्ध कराई जाएंगी।

—————

(Udaipur Kiran) / श्रीधर त्रिपाठी

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *