Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
HimachalPradesh

हिमाचल में फोरलेन निर्माण पर विनय कुमार के आरोपों पर सिकंदर कुमार का पलटवार

सिकंदर कुमार

शिमला, 21 दिसंबर (Udaipur Kiran) । हिमाचल प्रदेश में बन रहे फोरलेन हाईवे को लेकर राजनीतिक बयानबाज़ी तेज हो गई है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार के आरोपों पर राज्यसभा सांसद और भाजपा के प्रदेश महामंत्री डॉ. सिकंदर कुमार ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने रविवार को कहा कि कांग्रेस नेता केंद्र सरकार के सहयोग से प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों को स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं और इसी वजह से तथ्यहीन बयान दे रहे हैं।

डॉ. सिकंदर कुमार ने कहा कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष का बयान उस स्थिति जैसा है, जिसमें असली समस्या को नजरअंदाज कर आईना साफ किया जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार और पार्टी के पास उपलब्धियों के नाम पर कुछ भी नहीं है। प्रदेश में जो भी बड़े विकास कार्य दिखाई दे रहे हैं, वे केंद्र सरकार के सहयोग से हो रहे हैं, लेकिन कांग्रेस की राजनीति अब विकास का विरोध करने तक सिमट गई है।

फोरलेन और हाईवे परियोजनाओं का जिक्र करते हुए भाजपा नेता ने कहा कि केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के मार्गदर्शन में देशभर में आधुनिक एक्सप्रेस हाईवे बनाए गए हैं, जिनसे यात्रा का समय काफी कम हुआ है। उन्होंने यह भी कहा कि नितिन गडकरी के काम की सराहना कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी भी करते रहे हैं, लेकिन हिमाचल के कांग्रेस नेता प्रदेश में हो रहे विकास के पक्ष में खड़े नहीं हो पा रहे हैं।

डॉ. सिकंदर कुमार ने कहा कि हिमाचल प्रदेश को केंद्र की भाजपा नीत एनडीए सरकार से हमेशा सहयोग मिलता रहा है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का उल्लेख करते हुए कहा कि हिमाचल को औद्योगिक पैकेज अटल जी ने दिया था, जिसे बाद में कांग्रेस की यूपीए सरकार ने वापस ले लिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना भी अटल बिहारी वाजपेयी की देन है, जिसके जरिए हिमाचल के दूरदराज़ इलाकों तक सड़कें पहुंचीं और प्रदेश को करोड़ों रुपये की केंद्रीय सहायता मिली।

प्रदेश की वर्तमान कांग्रेस सरकार के तीन साल के कार्यकाल पर सवाल उठाते हुए डॉ. सिकंदर कुमार ने कहा कि इस दौरान सरकार जमीन पर कोई बड़ी उपलब्धि नहीं दिखा पाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार न तो महिलाओं को 1500 रुपये मासिक सहायता दे सकी, न बेरोजगार युवाओं को रोजगार दे पाई और न ही किसानों-बागवानों से किए गए वादे पूरे हुए। कर्मचारियों को भी उनका पूरा हक नहीं मिल पाया।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता खुद यह स्वीकार कर चुके हैं कि प्रदेश आर्थिक संकट से गुजर रहा है और इसी कारण विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। भाजपा नेता ने दोहराया कि वर्तमान में हिमाचल में जो भी विकास कार्य चल रहे हैं, वे केंद्र सरकार के सहयोग से ही संभव हो पा रहे हैं।

डॉ. सिकंदर कुमार ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष को सलाह दी कि वे फोरलेन पर आरोप लगाने के बजाय अपनी सरकार के कामकाज की समीक्षा करें, ताकि उन्हें प्रदेश की जमीनी हकीकत का सही आकलन हो सके।

—————

(Udaipur Kiran) / उज्जवल शर्मा

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *