एसआईटी का कोडिन युक्त कफ सिरप तस्करी मामले में लगातार कार्रवाई जारी, तीन दिनों में कुल 30 बैंक खाते फ्रीज

जौनपुर, 03 दिसम्बर (Udaipur Kiran) । यूपी के जौनपुर में एसआईटी कोडिन युक्त कफ सिरप तस्करी मामले में लगातार कार्रवाई कर रही है। पिछले तीन दिनों में कुल 30 बैंक खाते फ्रीज किए गए हैं। इनमें गिरोह के सरगना शुभम जायसवाल समेत जनपद के सात फर्म संचालकों के खाते शामिल हैं। अब तक 16 अन्य खाते भी चिह्नित किए गए हैं, और फर्म संचालकों पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की विशेष नजर है।
एसआईटी अब ट्रांसपोर्टरों और फर्म संचालकों के वित्तीय लेनदेन की जांच कर रही है। जौनपुर एसआईटी के अनुसार, गोपाल कटरा ढालघर टोला स्थित हर्ष मेडिकल स्टोर के संचालक संजीव चौरसिया के पांच बैंक खाते फ्रीज किए गए हैं। इस स्टोर से वर्ष 2023 से अब तक 17 हजार शीशी (प्रत्येक 100 एमएल) कोडिन युक्त न्यू फेन्साडिल कफ सिरप की बिक्री दिखाई गई है।
इस मामले में बुधवार को जानकारी देते हुए सहायक पुलिस अधीक्षक गोल्डी गुप्ता ने बताया कि इसी क्रम में, नईगंज कटघरा स्थित बद्रीनाथ फार्मेसी एंड सर्जिकल के मालिक विवेक यादव के भी दो बैंक खाते फ्रीज किए गए हैं। जांच टीम के अनुसार, इन स्थानों से भी कोडिन युक्त कफ सिरप की तस्करी की जा रही थी।
एसआईटी ने गिरोह के सरगना वाराणसी निवासी शुभम जायसवाल के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। शुभम के पिता भोला प्रसाद जायसवाल, जो सोनभद्र एसआईटी के हत्थे चढ़े हैं, उनसे पूछताछ के लिए जौनपुर एसआईटी की टीम सोनभद्र जाएगी और उन्हें रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी।
इस मामले में दो मुकदमों में कुल 18 लोगों को आरोपित बनाया गया है। पुलिस ने इनकी तलाश में कई जगह दबिश दी, लेकिन कोई नहीं मिला। अब पुलिस कोर्ट से गैर-जमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) जारी कराकर इनकी गिरफ्तारी करेगी। यह सिरप तस्करी का खेल वर्ष 2023 से चल रहा था।
जांच में सामने आया है कि कोडिन युक्त न्यू फेन्साडिल कफ सिरप की 1.27 लाख शीशियां (प्रत्येक 100 एमएल) शैली ट्रेडर्स, रांची से खरीदी गई थीं। इन्हें वाराणसी के काशी फार्मा, गैलेक्सी मेडिकल एजेंसी, गाजीपुर के महादेव मेडिकल एजेंसी, प्रतापगढ़ के महादेव एजेंसी और आजमगढ़ के एएस फार्मा को बेचने की बात कही गई है।
(Udaipur Kiran) / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव



