Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
UTTAR PRADESH

कोडीन कफ सिरप तस्वीर मामले में सपा प्रमुख को स्पष्टीकरण देना चाहिए : संजय निषाद

कैबिनेट मंत्री संजय निषाद

लखनऊ, 20 दिसंबर (Udaipur Kiran) । कोडीन युक्त कफ सिरप मामले में बोलते हुए उत्तर प्रदेश सरकार में मत्स्य पालन विभाग के कैबिनेट मंत्री संजय निषाद ने विपक्ष की भूमिका पर चिंता व्यक्त की और सपा प्रमुख अखिलेश यादव से मामले पर राजनीति न करके स्पष्टीकरण देने को कहा। उन्होंने कहा कि कोडीन कफ सिंडीकेट से जुड़े लोगों के साथ समाजवादी पार्टी अध्यक्ष, अखिलेश यादव की तस्वीर का सामने आना, सामान्य बात नहीं है। इस मामले में उनकी चुप्पी समझ से परे हैं, उन्हें मामले में स्पष्टीकरण देना चाहिए। तमिलनाडु में बनी कोडीन कफ सिरप से बच्चों की जो मृत्यु हो रही है, इसके बारे में भी उनकी चुप्पी, उनकी भूमिका पर सवालिया निशान लगाती है। उन्होंने कहा कि मैं स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि ये विषय राजनीति का नहीं है, बल्कि युवाओं और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य के मामला है, इस पर राजनीति नहीं करनी चाहिए। उन्हें जांच में सहयोग करना चाहिए, न कि राजनीति। हमारी सरकार का रुख पूरी तरह से स्पष्ट है कि माफिया चाहें कोई भी हो, उनका राजनीतिक संरक्षण कितना भी बड़ा क्यों न हो, कानून से कोई बचेगा नहीं।

मंत्री ने कहा कि कोडीन कफ सिरप तथा मादक पदार्थों के अवैध भंडारण, डायवर्जन, वितरण और क्रय विक्रय के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। प्रदेश के 33 जनपदों में मामले दर्ज किये जा चुके हैं, साक्ष्यों के आधार पर 75 अभियुक्तों की गिरफ्तारी की जा चुकी है। अब तक 12,65,455 से अधिक प्रतिबंधित कफ सिरप के बोतलें जब्त की जा चुकी हैं, 132 फर्मों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की गई है। 15 मुख्य षड्यंत्रकारियों के विरुद्ध निर्णायक कार्रवाई की जा चुकी है, 12 प्रमुख अभियुक्तों के विरुद्ध लुकआउट सर्कुलर जारी किए गए हैं तथा अन्य के विरुद्ध भी यह प्रक्रिया चल रही है। एनडीपीसीए एक्ट के तहत पूरी सप्लाई चेन की गहन जांच की जा रही है और दोषियों को जेल भी पहुंचाया जा रहा है। उत्तर प्रदेश को नशे की मंडी बनाने का सपना देखने वालों को कानून के कटघरे में खड़ा किया जाएगा। ये हमारी सरकार का जनता के साथ वादा है और हमारी सरकार जनता के वादे के साथ खड़ी है।

(Udaipur Kiran) / बृजनंदन

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *