Skip to content
Sunday, 1 November 2026
BREAKING
HEADLINES

तेलंगाना में जल्द शुरू होगा विशेष गहन मतदाता सूची पुनरीक्षण : मुख्य चुनाव आयुक्त

Gnanesh kumar

हैदराबाद, 21 दिसंबर (Udaipur Kiran) । केंद्रीय मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा है कि तेलंगाना राज्य में शीघ्र ही मतदाता सूची का स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर) शुरू किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिहार में इस प्रक्रिया के सफल क्रियान्वयन के बाद अब इसे अन्य राज्यों में भी लागू किया जा रहा है।

हैदराबाद के रवींद्र भारती में बूथ स्तर अधिकारियों (बीएलओ) के साथ आयोजित संवादात्मक बैठक में मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि बिहार में SIR के अनुभव ने देश को एक नई दिशा दिखाई है और उसी मॉडल को तेलंगाना में अपनाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि भारतीय निर्वाचन आयोग आज विश्व स्तर पर चुनाव प्रबंधन का मार्गदर्शक बन चुका है। ज्ञानेश कुमार ने उल्लेख किया कि तेलंगाना में मतदाताओं की संख्या कनाडा जैसे कई देशों से अधिक है और ऐसे बड़े राज्य में SIR को प्रभावी ढंग से लागू करने में बूथ स्तर अधिकारियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।

मुख्य चुनाव आयुक्त ने बताया कि देशभर में चुनाव प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए करीब 1.80 करोड़ कर्मी कार्यरत हैं, जो इसे दुनिया की सबसे बड़ी चुनावी व्यवस्था बनाता है। उन्होंने कहा कि हाल ही में बिहार में हुए चुनावों का सात देशों के 20 अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों ने अवलोकन किया, जिससे भारतीय चुनाव प्रणाली को वैश्विक स्तर पर पहचान मिली।

ज्ञानेश कुमार ने कहा कि SIR प्रक्रिया के बाद 7.5 करोड़ मतदाताओं की संशोधित सूची जारी की गई और इस दौरान एक भी गंभीर शिकायत सामने नहीं आई। उन्होंने यह भी बताया कि चुनाव के बाद पुनर्गणना को लेकर भी कोई आपत्ति दर्ज नहीं हुई, जो इस प्रक्रिया की पारदर्शिता को दर्शाता है।

उन्होंने इसका श्रेय बूथ स्तर अधिकारियों की दक्षता और समर्पण को दिया। उन्होंने बताया कि तेलंगाना में औसतन प्रत्येक बीएलओ के जिम्मे लगभग 930 मतदाता हैं। एसआईआर के दौरान मृत मतदाताओं के नाम, दोहरे पंजीकरण जैसी त्रुटियों की पहचान होती है, जिन्हें सुधारने के लिए यह प्रक्रिया आवश्यक है।

मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि बूथ स्तर अधिकारी संविधान के सबसे महत्वपूर्ण प्रहरी हैं। उन्होंने जानकारी दी कि फिलहाल देश के 12 राज्यों में एसआईआर लागू किया जा रहा है और आगे अन्य राज्यों में भी इसे विस्तार दिया जाएगा। अंत में उन्होंने सभी बूथ स्तर अधिकारियों से मिलकर तेलंगाना में इस अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।

——————-

(Udaipur Kiran) / नागराज राव

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *