आपदा प्रबंधन को लेकर विशेष प्रशिक्षण शिविर

भागलपुर, 3 दिसंबर (Udaipur Kiran) । जिले के नाथनगर में बुधवार को आपदा प्रबंधन से संबंधित विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत की गई। यह प्रशिक्षण बालिका उच्च विद्यालय, अल्पसंख्यक छात्रावास परिसर में दिया जा रहा है।
कार्यक्रम में सहरसा और मुजफ्फरपुर जिले से आई 131 महिला गृह रक्षक हिस्सा ले रही हैं। यह विशेष प्रशिक्षण 5 दिसंबर तक चलेगा। प्रशिक्षण का उद्देश्य आपदा की स्थिति में त्वरित, सुरक्षित और प्रभावी राहत-बचाव कार्यों की क्षमता बढ़ाना है। क्लासरूम और ग्राउंड दोनों स्तर पर प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
विशेषज्ञ प्रशिक्षक बाढ़, भूकंप और अगलगी जैसी आपदाओं में राहत और बचाव कार्य के दौरान अपनाए जाने वाले सुरक्षात्मक उपायों और तकनीकों की जानकारी विस्तार से दे रहे हैं। प्रशिक्षण के दौरान रेस्क्यू टीम संरचना, प्राथमिक सुरक्षा, और आपातकालीन संचार व्यवस्था के बारे में बताया गया।
प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को घायल व्यक्ति को सुरक्षित स्थान पर निकालने की विधि, घरेलू उपकरणों के सहारे त्वरित सहायता और प्राथमिक उपचार प्रदान करने की तकनीकों को प्रैक्टिकल डेमो के साथ सिखाया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को स्ट्रेचर उपयोग, सीपीआर, और फायर सेफ्टी उपकरणों के प्रयोग की जानकारी भी दी गई। एसडीआरएफ अधिकारियों ने कहा कि यह प्रशिक्षण सिर्फ तकनीकी जानकारी तक सीमित नहीं है, बल्कि महिला गृह रक्षकों को मानसिक रूप से आपदा परिस्थितियों का सामना करने, लोगों को शांत रखने, और स्थानीय संसाधनों का उपयोग करने जैसे कौशल भी सिखाए जा रहे हैं।
—————
(Udaipur Kiran) / बिजय शंकर



