Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
UTTAR PRADESH

तेज रफ्तार वेगनआर ने ऑटो में मारी टक्कर, चालक की मौत, ग्रामीणों का हंगामा

फोटो
म्रतक की फाइल फोटो

औरैया, 15 दिसंबर (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अछल्दा थाना क्षेत्र के आशा गांव के पास बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे की सर्विस रोड पर रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार ने सामने से आ रहे एक ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो चालक अनवर (30) निवासी दलीपपुर की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वेगनआर कार तेज गति में थी और चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिससे यह हादसा हुआ। टक्कर के बाद कार सवार वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए और आक्रोश व्यक्त करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। ग्रामीणों का कहना था कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

सूचना मिलते ही अछल्दा थाना प्रभारी पंकज मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर स्थिति को शांत कराया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वेगनआर कार को कब्जे में ले लिया है और फरार कार सवारों की तलाश शुरू कर दी गई है। मृतक अनवर के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, मृतक के परिजनों में घटना के बाद से कोहराम मचा हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस मार्ग पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम और स्पीड नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।

—————

(Udaipur Kiran) कुमार

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *