Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
UTTAR PRADESH

संभल में जिला प्रशासन का कड़ा रुख, बिना एनओसी भूगर्भ जल उपयोग पर होगी कार्रवाई

फोटो

संभल, 20 दिसंबर (Udaipur Kiran) । संभल में कोल्ड स्टोरों द्वारा भूगर्भ जल के अनियमित उपयोग का मामला सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिले में लगभग 70 कोल्ड स्टोर संचालित हैं, जिनमें से कई के पास भूगर्भजल उपयोग के लिए आवश्यक अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) या पंजीकरण नहीं है। इस स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी के निर्देश पर एक संयुक्त जांच समिति का गठन किया गया है।

लगभग एक माह पूर्व संभल कस्बे में दो से तीन कोल्ड स्टोरों के निरीक्षण के दौरान यह खुलासा हुआ था कि बिना अनुमति के बड़े पैमाने पर भूगर्भ जल का दोहन किया जा रहा है। इस संबंध में जिला प्रशासन को रिपोर्ट भेजे जाने के बाद भूगर्भ जल विभाग, जिला उद्यान अधिकारी और अन्य संबंधित अधिकारियों की एक जांच समिति बनाई गई।

शनिवार को समिति के सदस्यों ने क्षेत्र का दौरा कर कोल्ड स्टोरों का स्थलीय निरीक्षण किया। अब तक जांचे गए तीन कोल्ड स्टोरों में से किसी के पास भी भूगर्भजल उपयोग की वैध एनओसी नहीं मिली। अधिकारियों ने मौके पर ही कोल्ड स्टोर संचालकों को नियमों की जानकारी दी और स्पष्ट किया कि नियमानुसार एनओसी प्राप्त करना अनिवार्य है।

इसके अतिरिक्त, प्रदूषण नियंत्रण विभाग से संबंधित अनुमतियों की भी जांच की जा रही है। जिन कोल्ड स्टोरों के पास प्रदूषण विभाग की स्वीकृति है, वहां नियमों के पालन की समीक्षा की जाएगी। जिन कोल्ड स्टोरों में कमियां पाई जाएंगी, उन्हें शीघ्र सुधार के निर्देश दिए जाएंगे।

इसी क्रम में, सिटी मजिस्ट्रेट सहित अन्य अधिकारियों ने चंदौसी रोड स्थित शिवा कोल्ड स्टोर पर छापा मारकर दस्तावेजों की गहन जांच की। प्रशासन ने बताया कि शेष कोल्ड स्टोरों का निरीक्षण पूरा होने के बाद विस्तृत रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपी जाएगी। इसके बाद नियमों का उल्लंघन करने वाले कोल्ड स्टोर संचालकों को नोटिस जारी कर आवश्यक एनओसी लेने और सभी शर्तों का पालन सुनिश्चित कराया जाएगा।

(Udaipur Kiran) / Nitin Sagar

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *