Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
JHARKHAND

रांची में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, दहेज उत्पीड़न और हत्या का आरोप, पति हिरासत में

प्रतीकात्मक तस्वीर

रांची, 16 दिसंबर (Udaipur Kiran) । रांची के लोअर बाजार थाना क्षेत्र में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। नवविवाहिता का शव उसके ससुराल स्थित रमजान कॉलोनी के एक कमरे में संदेहास्पद हालत में मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।

मृतका 21 वर्षीय सजबीन परवीन के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न और हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। आरोपों के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सजबीन के पति को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।

घटना की जानकारी मिलते ही सजबीन परवीन के मायके पक्ष के लोग मंगलवार दोपहर रांची पहुंचे। उन्होंने मौके पर पहुंचकर ससुराल वालों के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और हत्या का आरोप लगाया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई, जो मारपीट में बदल गई। हालात बिगड़ते देख लोअर बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

मृतका के परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही सजबीन को ससुराल में लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। ससुराल वाले उस पर बार-बार मायके से अपना हिस्सा लाने का दबाव बना रहे थे। दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर सजबीन के साथ मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न किया जाता था।

बहरहाल, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच दहेज हत्या समेत विभिन्न धाराओं में की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।—————-

(Udaipur Kiran) / विकाश कुमार पांडे

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *