Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
UTTAR PRADESH

हाइवे पर असुरक्षित पार्किंग में सख्ती, टी-जंक्शन होंगे सुरक्षित

अधिकारियों से वार्ता करते जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार।

मीरजापुर, 16 दिसंबर (Udaipur Kiran) । जनपद में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए मंगलवार को जिला प्रशासन ने कड़े निर्देश जारी किए हैं। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने स्पष्ट किया है कि किसी भी हाईवे पर ट्रक, बस अथवा अन्य छोटे-बड़े वाहनों की असुरक्षित पार्किंग बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संबंधित विभागों को पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि सड़क किनारे वाहन खड़े न हों।

दुर्घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से नेशनल हाईवे, लोक निर्माण विभाग और उपसा के अधिकारियों को अपने-अपने मार्गों पर विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है। खासकर टी-जंक्शन वाले स्थानों पर पहले से ही वाहन चालकों को सचेत करने के लिए ब्रेकर, रिफ्लेक्टर, डेलीनेटर और स्पष्ट संकेतक चिन्ह लगाए जाएंगे, ताकि दूर से ही जंक्शन की जानकारी मिल सके।

सड़क पर आवारा पशुओं से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए पशु चिकित्साधिकारी को पुलिस के सहयोग से अभियान चलाकर पशुओं को पकड़कर गौशालाओं में सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, आपात स्थिति में घायलों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के लिए एम्बुलेंस के रिस्पांस टाइम को दुरुस्त करने पर भी जोर दिया गया है। सभी हाईवे पर स्थित पीएचसी और सीएचसी में रात के समय भी दुर्घटना पीड़ितों के प्राथमिक उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

इसके साथ ही टोल प्लाजा संचालकों को निर्देशित किया गया है कि नियमानुसार निर्धारित दूरी पर ही टोल स्थापित हों। चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स पर एक सप्ताह के भीतर सुधारात्मक कार्यवाही कर उन्हें सुरक्षित बनाया जाएगा। जिला प्रशासन की इस सख्ती से आने वाले दिनों में सड़क दुर्घटनाओं में कमी आने की उम्मीद जताई जा रही है।

—————

(Udaipur Kiran) / गिरजा शंकर मिश्रा

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *