सीतापुर के तहसील मुख्यालयाें — कस्बों के चौराहों से हटेगा अतिक्रमण, लहरपुर में लगाए गए लाल निशान

-पालिका प्रशासन ने निशान लगाकर दी नोटिस
सीतापुर, 16 दिसंबर (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश के जनपद सीतापुर नगर के 5 चौराहों से अतिक्रमण हटवाने के निर्देश के बाद अब कस्बों व तहसील मुख्यालयाें में भी अतिक्रमण करने के खिलाफ प्रशासन ने विगुल फूंक दिया है। जिलाधिकारी के निर्देशानुसार मंगलवार को नगर पालिका परिषद लहरपुर द्वारा नगर के प्रमुख चौराहों पर अवैध अतिक्रमण हटाने की तैयारी शुरू कर दी गई है। इसके तहत नगर के तीन चौराहों को चिन्हित करते हुए उनके चारों ओर किए गए अतिक्रमण को हटाया जाएगा। यह कार्रवाई चौराहों से 150 मीटर की लंबाई में की जाएगी।
नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी अनूप राय ने (Udaipur Kiran) से बताया कि पालिका टीम के साथ शहर बाजार, बिस्वां तिराहा गेट एवं मजा शाह चौराहे पर पहुंचकर स्थल निरीक्षण किया गया है। इस दौरान टीम द्वारा दोनों ओर 150 मीटर की लंबाई नापकर निशान लगाए गए हैं ताकि अभियान के दौरान किसी प्रकार की असमंजस की स्थिति न रहे।
अधिशासी अधिकारी अनूप राय ने बताया कि नगर में जल निकासी की व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए पालिका द्वारा बनाए गए नालों के पीछे दो फुट तक किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि नालों के ऊपर या उनके बहुत नजदीक बनाए गए अस्थायी व स्थायी निर्माण से पानी की निकासी बाधित हो रही है, जिससे बरसात के समय जलभराव की समस्या उत्पन्न होती है। उन्होंने बताया कि चौराहें से 150 मीटर तक ठेले वालों को दूर किया जाएगा। पालिका प्रशासन ने लोगों से स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने की अपील की है। निर्धारित समय के बाद यदि अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो नगर पालिका द्वारा विधिक कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाया जाएगा।
—————
(Udaipur Kiran) / Mahesh Sharma



