Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
CHHATTISGARH

अत्यधिक ठंड को देखते हुए स्कूलों के समय में अस्थायी बदलाव

स्कूल में बैठे हुए बच्चे।

धमतरी, 14 दिसंबर (Udaipur Kiran) । जिले में लगातार बढ़ती ठंड और गिरते तापमान को देखते हुए जिला प्रशासन ने छात्रहित में बड़ा निर्णय लिया है। विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने जिले के सभी विद्यालयों के शाला संचालन समय में अस्थायी परिवर्तन के आदेश जारी किए हैं। यह संशोधित व्यवस्था तीन जनवरी 2026 तक प्रभावशील रहेगी, जबकि शासकीय कार्यालयों के समय में किसी प्रकार का बदलाव नहीं किया गया है।

जिला प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार यह व्यवस्था जिले में संचालित समस्त शासकीय, अशासकीय, अनुदान प्राप्त एवं अन्य सभी विद्यालयों पर समान रूप से लागू होगी। प्रशासन का कहना है कि सुबह के समय अत्यधिक ठंड और कोहरे के कारण छोटे बच्चों एवं विद्यार्थियों के बीमार पड़ने की आशंका बढ़ जाती है, जिसे ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है। दो पाली में संचालित विद्यालयों के लिए नई समय-सारणी निर्धारित की गई है।

इसके तहत प्रथम पाली में विद्यालयों का संचालन सोमवार से शनिवार सुबह 8.30 बजे से दोपहर 12 बजे तक किया जाएगा। वहीं द्वितीय पाली में विद्यालय सोमवार से शनिवार दोपहर 12.15 बजे से शाम 4.15 बजे तक संचालित होंगे। इसी तरह एक पाली में संचालित विद्यालयों के लिए भी समय में बदलाव किया गया है। ऐसे विद्यालय सोमवार से शुक्रवार सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक संचालित होंगे, जबकि शनिवार को सुबह 8.30 बजे से दोपहर 12 बजे तक शाला संचालन किया जाएगा।

बच्चों को गर्म कपड़ों में विद्यालय भेजें

जिला प्रशासन ने सभी विद्यालय प्रबंधन, प्राचार्यों एवं शिक्षकों को निर्देशित किया है कि निर्धारित संशोधित समय-सारणी का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि शैक्षणिक गतिविधियों, पाठ्यक्रम की निरंतरता एवं विद्यार्थियों की उपस्थिति पर किसी प्रकार का प्रतिकूल प्रभाव न पड़े, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। प्रशासन ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे ठंड के मौसम में बच्चों को गर्म कपड़ों में विद्यालय भेजें और उनके स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें। जिला प्रशासन का मानना है कि इस अस्थायी व्यवस्था से विद्यार्थियों को राहत मिलेगी और वे सुरक्षित वातावरण में अपनी पढ़ाई जारी रख सकेंगे।

—————

(Udaipur Kiran) / रोशन सिन्हा

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *