जिला बार एसोसिएशन चुनाव की टेंडर वोटिंग शांतिपूर्ण, 24 दिसंबर को होगा आम चुनाव

मीरजापुर, 22 दिसंबर (Udaipur Kiran) । जिला बार एसोसिएशन संगठन चुनाव को लेकर सोमवार को टेंडर वोटिंग प्रक्रिया पूरी तरह शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। एल्डर कमेटी के सदस्य एवं जिला बार एसोसिएशन के वरिष्ठ अधिवक्ता कमला प्रसाद श्रीवास्तव ने इसकी जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि जिला बार एसोसिएशन का आम चुनाव 24 दिसंबर को आयोजित किया जाएगा। मतदान सुबह 10 बजे से अपराह्न 4 बजे तक चलेगा। चुनाव में वही अधिवक्ता मतदान कर सकेंगे, जिनका नाम मतदाता सूची में दर्ज है। मतदान के लिए अधिवक्ताओं को वैध पहचान पत्र अथवा आवश्यक दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य होगा।
कमला प्रसाद श्रीवास्तव ने बताया कि टेंडर वोटिंग के दौरान अधिवक्ताओं ने पूरी ईमानदारी, निष्ठा और अनुशासन के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उन्होंने कहा कि सभी प्रत्याशियों ने भी चुनाव प्रक्रिया में सहयोग प्रदान किया, जिससे प्रक्रिया निर्विघ्न रूप से संपन्न हो सकी।
—————
(Udaipur Kiran) / गिरजा शंकर मिश्रा



