Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
UTTAR PRADESH

सीतापुर-जीआरपी के जांबाज बने बुजुर्ग के लिए फरिश्ता

घटना का सीसीटीवी फुटेज
सीतापुर जीआरपी में तैनात हेड कांस्टेबल राकेश खरवार

सीतापुर,14 दिसंबर (Udaipur Kiran) रेलवे जंक्शन पर जीआरपी के दो जवानों ने अपनी सूझबूझ, तत्परता और साहस का परिचय देकर एक बुजुर्ग व्यक्ति की जान बचा ली। यह घटना न केवल पुलिस की जिम्मेदारी और मानवता का उदाहरण बनी, बल्कि यह भी दिखा गई कि वर्दी में तैनात सिपाही हर पल आम लोगों के रक्षक के रूप में खड़े रहते हैं।

घटना शनिवार देर शाम उस समय की है, जब एक बुजुर्ग व्यक्ति लापरवाही से रेलवे लाइन पार कर रहा था। उसी दौरान एक मालगाड़ी तेजी से प्लेटफॉर्म की ओर आ रही थी। बुजुर्ग को मालगाड़ी की चपेट में आता देख प्लेटफॉर्म पर तैनात जीआरपी जवानों की नजर उस पर पड़ी और उन्होंने बिना एक पल गंवाए जान जोखिम में डालकर साहसिक कदम उठा लिया।

थाना जीआरपी में तैनात हेड कांस्टेबल राकेश कुमार खरवार और हेड कांस्टेबल रजनीश कुमार ने पहले तो बुजुर्ग को तेज आवाज से बताने की कोशिश की लेकिन बुजुर्ग द्वारा ध्यान न दिए जाने पर वे दोनों तुरंत दौड़े और ट्रेन के बेहद करीब पहुंच चुके बुजुर्ग को खींचकर रेलवे ट्रैक से बाहर सुरक्षित स्थान पर ले आए। कुछ ही सेकेंड बाद उसी ट्रैक से मालगाड़ी गुजर गई। अगर जवानों ने जरा सी भी देर की होती, तो बड़ा हादसा हो सकता था।

इस पूरी घटना का वीडियो स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया, जो रविवार को सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि किस तरह दोनों जवान फरिश्ते बनकर दौड़ते हैं और समय रहते बुजुर्ग की जान बचा लेते हैं। लोगों द्वारा जीआरपी के इन जांबाज सिपाहियों को “असल हीरो” बताया जा रहा है।

घटना के बाद बुजुर्ग व्यक्ति काफी घबराए हुए नजर आए, जिन्हें जवानों ने संभाला और सुरक्षित स्थान पर बैठाकर समझाइश दी। रविवार सुबह इस घटनाक्रम का सीसीटीवी फुटेज वायरल होने के बाद रेलवे प्रशासन, यात्रियों और आम नागरिकों ने जीआरपी जवानों के इस साहसिक कार्य की जमकर सराहना की है। जीआरपी थाना प्रभारी अरविन्द पांडेय ने (Udaipur Kiran) से बताया कि हमारे इन दो जवानों ने अपनी जान की परवाह न करते हुए एक बुजुर्ग की जान बचाई है। उन्होंने बताया कि बुजुर्ग की उम्र लगभग 80 वर्ष की रही होगी वह ठीक से बात भी नहीं कर पा रहा था । जवानों की बहादुरी की प्रशंसा करते हुए उन्होंने यात्रियों से अपील की है कि वे रेलवे लाइन पार करने के लिए केवल निर्धारित मार्गों का ही प्रयोग करें। वहीं, यह घटना साबित करती है कि सतर्क और जिम्मेदार पुलिसकर्मी हर मुश्किल घड़ी में आमजन के लिए ढाल बनकर खड़े रहते हैं।

(Udaipur Kiran) / Mahesh Sharma

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *