Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
MADHYA PRADESH

मध्‍य प्रदेश में अगले चार दिन बारिश के आसार, अक्टूबर में दिन में गर्मी और रात में ठंड का होगा अहसास

मौसम (फाइल फोटो)

– प्रदेश में मानसूनी सीजन में अब तक औसत 45.2 इंच गिरा पानी

भोपाल, 1 अक्‍टूबर (Udaipur Kiran News) । मध्य प्रदेश में मानसून की विदाई के बीच हल्की बारिश का दौर जारी है। मंगलवार को भोपाल, ग्वालियर और जबलपुर समेत 10 जिलों में बारिश हुई। अगले चार दिन ऐसा ही मौसम बनेगा रहेगा। दशहरे के दिन भी बारिश होने की संभावना है। वहीं, अब तक 12 जिलों से मानसून की विदाई हो चुकी है। 10 अक्टूबर तक पूरे प्रदेश से मानसून लौट जाएगा। इस बार सितंबर में ही बारिश का कोटा पूरा हो गया। औसत 45.2 इंच पानी गिरा, जो सामान्य बारिश 37.3 इंच के मुकाबले 7.8 इंच अधिक है।

मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि अक्टूबर का महीना चेंज ओवर पीरियड रहता है। इस महीने मानसून विदाई पर रहता है। इससे आसमान साफ हो जाता है। इस कारण दिन में गर्मी और रात में ठंड पड़ती है। उत्तर भारत में वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) एक्टिव होने से बारिश होती है। इस बार भी ऐसा ही मौसम रहेगा। ग्वालियर में पारा रिकॉर्ड 39 डिग्री तक पहुंच चुका है तो भोपाल, इंदौर, उज्जैन-जबलपुर में गुलाबी ठंड की दस्तक के साथ बारिश भी हुई है।

इससे पहले मंगलवार को भोपाल, ग्वालियर-जबलपुर समेत 10 जिलों में बारिश हुई। बैतूल में डेढ़ इंच पानी गिर गया। बालाघाट के मलाजखंड में सवा इंच, दतिया में आधा इंच से ज्यादा और ग्वालियर में आधा इंच बारिश हुई। भोपाल, जबलपुर, सागर, डिंडौरी, मुरैना में भी बूंदाबांदी हुई। अब तक प्रदेश के 12 जिलों से मानसून विदा हो चुका है। इनमें ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, गुना, आगर-मालवा, नीमच, मंदसौर और रतलाम शामिल हैं। राजगढ़ और अशोकनगर के कुछ हिस्से से मानसून विदा हुआ है।

(Udaipur Kiran) / उम्मेद सिंह रावत

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *