Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
HimachalPradesh

तमाशा बन कर रह गया है मंडी शहर की विश्वकर्मा मंदिर पहाड़ी के भूसख्लन को रोकने का काम

बिना किसी सूचना से इस तरह लगाए जा रहे हैं अवरोध,

मंडी, 19 दिसंबर (Udaipur Kiran) । मंडी शहर के प्रवेश द्वार पर विश्वकर्मा मंदिर के पास की पहाड़ी 2023 की भारी बरसात में बुरी तरह दरक गई थी। इससे जहां शहर में प्रवेश करने के लिए नए सुकेती पुल से होकर व्यवस्था करनी पड़ी थी वहीं घनी आबादी वाले क्षेत्र रामनगर, इलाका केहनवाल व कालेज रोड़ थनेहड़ा सड़क के बंद हो जाने से सुनसान हो गए थे। यहां के लोगों को आने जाने के लिए दो दो पुलों से होकर गुजरना पड़ रहा था। डेढ़ करोड़ खर्च करने के बाद भी यह पहाड़ी फिर से दरक गई। अब कई महीनों से इसे ठीक करने का काम चला है जिसकी कछुआ चाल एक तमाशा बन कर रह गई है। इस काम को कर रहे ठेकेदार जब जी में आता है मार्ग को बंद कर देते हैं।

बीते दिनों दो बार मंडी में मुख्यमंत्री आए और एक बार राज्यपाल का दौरा हुआ। उस दौरान इस मार्ग को खोल दिया गया ताकि कोई शिकायत न हो जाए। उनके जाते ही फिर से इस मार्ग को बंद कर दिया जा रहा है। मौके पर दो चार मजदूर काम करते दिखते हैं और वह जब जी करता है मार्ग पर तारों के बंडल रख कर या रस्सी बांध कर इस अति व्यस्त मार्ग को बंद कर देते हैं। महीनों से यही सिलसिला चला हुआ है जिससे इससे जुड़े बाजारों में काम काज ठप होकर रह गया है। नगर निगम व्यावसायिक टैक्स वसूल रहा है, हाउस टैक्स ले रहा है, कूड़ा टैक्स लिया जा रहा है, बैंकों के कर्जे हैं, बिजली पानी के बिल हैं मगर काम ठप होने से हालत दयनीय हो गई है। यूं भी जब भी किसी सड़क को बंद करना होता है तो इसके लिए बकायदा इलाका मेजिस्ट्ेट द्वारा अधिसूचना जारी की जाती है मगर यहां ऐसा कुछ नहीं। कभी सड़क को खोल दिया जाता है और जब मर्जी होती है बंद कर दिया जाता है।

जिला मुख्यालय पर इस तरह की एक्सरसाइज हैरानी जनक है। कालेज रोड़ शॉपकीपर एसोसिएशन व रामनगर दुकानदार एसोसिएशन ने इसका कड़ा संज्ञान लिया है। एसोसिएशन के पदाधिकारी दीपक गुलेरिया, बीरबल शर्मा, राजेंद्र कटोच, अनिल शर्मा, सर्वजीत सिंह, मनजीत सिंह, रविंद्र शर्मा, गगन सिंह, विजय कुमार, राज कुमार, जय कुमार, धर्मेंद्र शर्मा, विक्रांत, मनीष कपूर, पूर्व पार्षद अवनिंद्र सिंह, भवानी सिंह ठाकुर, राजीव शर्मा ,जीवा, समेत अन्य सभी ने उपायुक्त मंडी, नगर निगम के आयुक्त, लोक निर्माण विभाग व अन्य संबंध महकमों के अधिकारियों से आग्रह किया है कि इस काम को युद्ध स्तर पर चलाकर पूरा किया जाए और सड़क को नियमित तौर पर खोला जाए। जब भी इसे बंद करने की जरूरत पड़े या कोई आपात स्थिति हो तो उसकी उसकी अधिसूचना जनता की जानकारी के लिए जारी की जाए। इस तमाशे को बंद किया जाए और यदि नहीं किया गया तो सभी दुकानदार व प्रभावित सड़क पर आकर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

—————

(Udaipur Kiran) / मुरारी शर्मा

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *