Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
BIHAR

बिहार के नवादा मे दुर्घटना में टोल टैक्स मैनेजर की मौत

घटना स्थल पर अधिकारी

नवादा,18 दिसंबर (Udaipur Kiran) ।जिले के राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या 20 पर रजौली थाने के महियारा मोड़ के समीप डिवाइडर के पास गुरुवार को स्कॉर्पियो के डिवाइडर में टकरा जाने के कारण टोल टैक्स मैनेजर की मौत हो गई, जबकि सहायक मैनेजर घायल हो गया। घायल मैनेजर का इलाज अस्पताल में कराया जा रहा है।

घायल की पहचान टोल प्लाजा मैनेजर दिल्ली निवासी सुमित कुमार तथा टोल कर्मी बक्सर जिले के निवासी गंगा प्रसाद के पुत्र मनोज कुमार के रूप में की गई है। अस्पताल ले जाते ही मैनेजर की मौत हो गई । घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

बताया जा रहा है कि वहां 18 लाख रुपये भी वाहन में रखे गए थे। दुर्घटना के बाद रुपये गायब पाए गए । संभावना व्यक्त की जा रही है कि आसपास के लोगों ने ही रुपये को लूट लिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुमित कुमार अपनी स्कॉर्पियो (डीएल-10 सीएम 3486) से टोल प्लाजा के पास से नवादा की ओर जा रहे थे। इसी क्रम में महियारा मोड़ डिवाइडर के पास किसी अज्ञात वाहन द्वारा अचानक चकमा दिए जाने के कारण स्कॉर्पियो अनियंत्रित हो गई और सीधे डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन के आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार दोनों व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही हाईवे पेट्रोलिंग कर्मी मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल रजौली में भर्ती कराया गया। अनुमंडलीय अस्पताल में चिकित्सक उपाध्यक्ष डॉ. दिलीप कुमार, डॉ. बरकत अली एवं डॉ. निवेदिता नंदिनी की टीम द्वारा दोनों का प्राथमिक इलाज किया गया। इलाज के दौरान चिकित्सकों ने सुमित कुमार की स्थिति को अत्यंत गंभीर बताया।

चिकित्सकों के अनुसार सुमित कुमार को सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। हालत चिंताजनक होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए विम्स पावापुरी रेफर कर दिया गया लेकिन तत्काल उनकी मौत हो गई। वहीं, दूसरे घायल मनोज कुमार की स्थिति भी गंभीर बनी हुई थी, जिन्हें आगे के इलाज के लिए सदर अस्पताल नवादा रेफर किया गया।

घटना के बाद कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस द्वारा क्षतिग्रस्त वाहन को सड़क से हटवाकर यातायात को सामान्य कराया गया। वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि महियारा मोड़ के पास आए दिन तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण दुर्घटनाएं होती रहती हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई है।

पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है। साथ ही अज्ञात वाहन की पहचान करने का प्रयास भी किया जा रहा है, जिसने कथित रूप से स्कॉर्पियो को चकमा दिया था। इस घटना ने एक बार फिर से सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार पर सवाल खड़े कर दिए।

—————

(Udaipur Kiran) / संजय कुमार सुमन

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *