जम्मू, 20 अगस्त (Udaipur Kiran). जम्मू-कश्मीर के कई जिलों में भारी बारिश के कारण कई नदियों और नालों में अचानक बाढ़ आ गई है, वहीं भूस्खलन और यातायात में बाधा जैसी घटनाएं भी सामने आई हैं. अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी.

अधिकारियों ने बताया कि भारी बारिश से कई इमारतें क्षतिग्रस्त हो गई हैं. अंतर-क्षेत्रीय मुगल रोड अवरुद्ध हो गया है और जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी वाहनों की आवाजाही बाधित हुई है. जम्मू में मूसलाधार बारिश के चलते बान टोल प्लाजा के पास राजमार्ग का एक हिस्सा नदी की तरह बह गया, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया और यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा. नंदनी सुरंग में भूस्खलन के कारण कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा, हालांकि मलबा हटाकर जल्द ही यातायात बहाल किया गया. चनैनी इलाके में भी मामूली भूस्खलन की सूचना है.
डोगराहॉल इलाके में बारिश के चलते जम्मू के एक स्कूल की ऊपरी दीवार क्षतिग्रस्त हो गई, हालांकि स्कूल बंद होने के कारण कोई हताहत नहीं हुआ. अधिकारियों ने वाहन चालकों और स्थानीय निवासियों से सतर्कता बरतने की अपील की है क्योंकि कई निचले इलाकों में जलभराव अभी भी जारी है. भारी बारिश के कारण पुंछ में दो और राजौरी के ऊपरी इलाकों में तीन कच्चे मकान क्षतिग्रस्त हो गए हैं. रामबन जिले के पांच इलाकों में भूस्खलन की आशंका के चलते अधिकारियों ने लोगों को सतर्क रहने के लिए कहा है.
किश्तवाड़ जिले के खानपुरा इलाके में मुगल मैदान के पास भूस्खलन के बाद राजमार्ग पर यातायात बाधित हो गया, जिसके कारण अधिकारियों को निकासी अभियान तेज करना पड़ा. जम्मू, रियासी, सांबा और कठुआ जिलों में चिनाब, तवी, उझ और बसंतर सहित नदियाँ और नाले तेज़ बहाव के साथ बह रहे हैं, जिससे निचले इलाकों और बस्तियों में बाढ़ की स्थिति बन गई है.