Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
UTTAR PRADESH

खेल मैदान में गूंजा जनजातीय जोश, कबड्डी और एथलेटिक्स में उभरी नई प्रतिभाएं

खेल प्रतियोगिता में प्रतिभाग करते जनजातीय छात्र।

– दो दिवसीय जनजातीय खेलकूद प्रतियोगिता का समापन

मीरजापुर, 23 दिसंबर (Udaipur Kiran) । चुनार नगर के रामबाग स्थित सुरभि शोध संस्थान में आयोजित दो दिवसीय जनजातीय खेलकूद प्रतियोगिताओं का मंगलवार की शाम उत्साहपूर्ण माहौल में समापन हुआ। प्रतियोगिताओं में विभिन्न जनपदों से आए जनजातीय खिलाड़ियों ने अनुशासन, खेल भावना और दमदार प्रदर्शन के साथ अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

बालक वर्ग की कबड्डी प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में प्रयागराज की टीम ने कानपुर को 21-16 से पराजित कर खिताब अपने नाम किया। वहीं बालिका वर्ग की कबड्डी में मीरजापुर की टीम ने बलरामपुर को 25-11 से हराकर विजेता बनने का गौरव हासिल किया। एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में भी खिलाड़ियों का प्रदर्शन सराहनीय रहा। बालक सब जूनियर 200 मीटर दौड़ में श्रावस्ती के राम मनीष प्रथम, चित्रकूट के विनय कुमार द्वितीय तथा मीरजापुर के सरवन तृतीय स्थान पर रहे। जूनियर वर्ग की 100 मीटर दौड़ में सोनभद्र के अमित कुमार ने पहला, लखनऊ के नीलेश ने दूसरा और बहराइच के साइमन ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।

इसके अलावा 800 मीटर दौड़, लंबी कूद और तीरंदाजी स्पर्धाओं में भी खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन किया। बालिका वर्ग की सब जूनियर 200 व 400 मीटर दौड़ में बलरामपुर, चित्रकूट और मीरजापुर की खिलाड़ियों ने स्थान प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया।

समापन समारोह में अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम पूर्वी उत्तर प्रदेश के संगठन मंत्री आनंद, अखिल भारतीय संपर्क प्रमुख मनीराम तथा सुरभि शोध संस्थान के निदेशक सूर्यकांत जालान कानू भाई ने विजेता व प्रतिभागी खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया। आयोजन को सफल बनाने में निर्णायकों व आयोजन समिति के सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

—————

(Udaipur Kiran) / गिरजा शंकर मिश्रा

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *