शिक्षिका शिवानी को दी गई कैंडल मार्च निकालकर दी गई श्रद्धांजलि

अररिया 05 दिसम्बर(Udaipur Kiran) । नरपतगंज के ख़ाबदह कन्हैली में राजद की ओर से शिक्षिका शिवानी वर्मा की आत्मा को शांति प्रदान करने और घटना में शामिल सभी अपराधियों की गिरफ्तारी के साथ स्पीडी ट्रायल चलाकर सजा दिलाने की मांग को लेकर शुक्रवार को कैंडल मार्च निकाला गया।
राजद पूर्व जिलाध्यक्ष एवं विधानसभा प्रत्याशी मनीष यादव के नेतृत्व में निकले कैंडल मार्च में राजद कार्यकर्ताओं के साथ समर्पित साथियों के साथ बड़ी संख्या में महिलाएं, युवा एवं ग्रामीण शामिल हुए। मध्य विद्यालय कन्हैली से कैंडल मार्च प्रारम्भ कर खाबदह शिव मंदिर, जहां हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया था, वहां श्रद्धांजलि सभा का आयोजन कर मृतात्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
उल्लेखनीय हो कि शिवानी वर्मा मध्य विद्यालय, कन्हैली, नरपतगंज में बतौर बीपीएससी टीचर पदस्थापित थीं। उनकी अज्ञात अपराधियों ने बुधवार सुबह स्कूल जाने के क्रम में खाबदह-कन्हैली शिव मंदिर के पास गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी गई थी। वे बाराबंकी, उत्तर प्रदेश की रहने वाली थीं।
मौके पर राजद नेता मनीष यादव ने कहा कि स्थानीय प्रशासन की लापरवाही का ये आलम है कि जहां हत्या की वारदात हुई है वहाँ सुरक्षा की कोई व्यवस्था नहीं है। सरकार को आम जनता की तनिक भी परवाह नहीं है। जनता में भय का माहौल व्याप्त है। इसलिए जिला प्रशासन से शिव मंदिर हाट पर मिनी पुलिस चौकी की मांग करते हैं।
(Udaipur Kiran) / राहुल कुमार ठाकुर



