Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
HimachalPradesh

कांगड़ा में रविवार को पिलाई जाएगी दो बूंद जिंदगी की, 1070 पोलियो बूथ स्थापित

पोलियो अभियान को लेकर तैयारियों का जायजा लेते हुए स्वास्थ्य अधिकारी।

धर्मशाला, 20 दिसंबर (Udaipur Kiran) । जिला कांगड़ा में पल्स पोलियो प्रतिरक्षण अभियान रविवार को आयोजित किया जाएगा। इस दौरान 0-5 वर्ष की आयु के बच्चों को पोलियो ड्रॉप्स पिलाई जाएगी। इस अभियान के अंतर्गत जिले के 15 स्वास्थ्य खंडों में कुल 1070 पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं। अभियान के सफल संचालन हेतु 211 पर्यवेक्षक एवं 4280 टीकाकर्मी तैनात किए गए हैं। इसके अतिरिक्त जिले के 191 चिन्हित उच्च जोखिम क्षेत्रों पर विशेष फोकस रखा गया है।

बच्चों की अधिकतम कवरेज सुनिश्चित करने के लिए बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों एवं अन्य ट्रांजिट प्वाइंट्स पर विशेष मोबाइल टीमें तैनात की गई हैं। इसके साथ ही हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के सहयोग से बसों में यात्रा कर रहे बच्चों को पोलियो ड्रॉप्स पिलाने हेतु टीकाकर्मियों को बसों तक पंहुच एवं आवश्यक सुविधा प्रदान की गई है, ताकि यात्रा के दौरान भी कोई बच्चा पोलियो ड्रॉप्स से वंचित न रहे।

इस अवसर पर शनिवार को आयोजित बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला कांगड़ा ने सभी स्वास्थ्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि अभियान के दौरान कोई भी बच्चा न छूटे। उन्होंने जिले के समस्त अभिभावकों से अपील की कि वे अपने 5 वर्ष से कम आयु के सभी बच्चों को, उनके पूर्व टीकाकरण की स्थिति की परवाह किए बिना, 21 दिसंबर 2025 को अपने नजदीकी पोलियो बूथ पर अवश्य लाएं एवं पोलियो ड्रॉप्स पिलवाएं। जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग आम जनता के सहयोग से जिले को पोलियो मुक्त बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।

(Udaipur Kiran) / सतेंद्र धलारिया

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *