आजमगढ़ में अनियंत्रित कार पेड़ से टकराई, दो की मौत

आजमगढ़, 14 दिसंबर (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश में जनपद आजमगढ़ के जहानागंज थाना क्षेत्र के भुजही मोड़ के पास रविवार सुबह अनियंत्रित मारुति कार पेड़ से जा टकराई, जिससे कार सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्ज़े में लेकर घायल चालक को अस्पताल भेजा।
थानाध्यक्ष जहानगंज अतुल कुमार मिश्रा ने बताया कि रविवार को जहानागंज थाना क्षेत्र के भुजही मोड़ के पास सुबह करीब सात बजे एक मारुति कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे के समय कार में तीन लोग सवार थे।
दुर्घटना में सिद्दीकी (38), निवासी दुल्लहपुर, जनपद गाजीपुर, शशि सिंह सिंह (40), निवासी सेमौर, थाना जखनियां, जनपद गाजीपुर की मौके पर ही मौत हो गई। कार चालक तौफीक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल चालक को तत्काल जिला अस्पताल भिजवाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। वह मृतक सिद्दीकी का भाई है।
बताया जा रहा है कि इन लोगों की गाजीपुर जिले के जखनियां क्षेत्र में कपड़ों की दुकान है। सभी लोग खलीलाबाद से कपड़े लेकर दुल्लहपुर जा रहे थे, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम भेजकर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
————
(Udaipur Kiran) / राजीव चौहान



