झारखंड स्कूल इनोवेशन चैलेंज के लिए रामगढ़ के दो छात्र चयनित

रामगढ़, 4 दिसंबर (Udaipur Kiran) । आईआईटी (आईएसएम) धनबाद स्थित नरेश वशिष्ठ सेंटर फॉर टिंकरिंग एंड इनोवेशन की ओर से रामगढ़ जिला के पीएम श्री उत्क्रमित प्लस टू उच्च विद्यालय मनुवा के दो छात्रों का चयन झारखण्ड स्कूल इनोवेशन चैलेंज के लिए किया गया है। दोनों विद्यार्थियों की ओर से विगत 01 दिसम्बर 2025 को ऑनलाइन प्रेजेंटेशन के माध्यम से अपना मॉडल दिखाया था। पूरे राज्य भर में सैकड़ों स्कूलों ने अपना प्रेजेंटेशन प्रस्तुत किया। जिसमें पीएम श्री उच्च विद्यालय मनुवा के फ़ैज़ान इराकी ने फायर डिटेक्शन सिस्टम और इब्राहिम और आर्यन कुमार ने स्मार्ट डस्टबीन का मॉडल बनाकर मिसाल प्रस्तुत किया हैं। फाईनल प्रस्तुति और मॉडल का प्रदर्शन 05 और 06 दिसम्बर 2025 को आईआईटी (आईएसएम) धनबाद में होगा।
डीईओ ने दी छात्रों को बधाई
जिला शिक्षा पदाधिकारी कुमारी नीलम ने छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि न केवल विद्यालय के लिए बल्कि पूरे रामगढ़ जिले के लिए गर्व का क्षण है। हमारे जिले के बच्चों में बहुत हुनर है। बस उन्हें प्लेटफार्म देने की आवश्यकता है। प्रधानाध्यापक सुरेंद्र प्रसाद गुप्ता ने कहा कि हमारे बच्चे इस मॉडल को तैयार करने में बहुत परिश्रम किए हैं।
—————
(Udaipur Kiran) / अमितेश प्रकाश



