Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
UTTAR PRADESH

राजमार्ग में भीषण भिड़ंत के बाद आग का गोला बने दो ट्रक, जिंदा जला चालक

क्रेन की मदद से ट्रक हटवाती पुलिस
धू धू कर जलता ट्रक

महोबा, 25 सितंबर (Udaipur Kiran News) । कानपुर सागर राष्ट्रीय राजमार्ग में बुधवार की रात दो ट्रकों में भीषण भिड़ंत के बाद दोनों वाहनों में जोरदार आग लग गई। हादसे में एक ट्रक चालक की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई है , तो वहीं दूसरे ट्रक चालक ने कूद कर अपनी जान बचाई है। सूचना पर पहुंची दमकल ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। पुलिस ने बाधित यातायात को सुचारू रूप से शुरू कराया है।

जनपद से गुजरे कानपुर सागर राष्ट्रीय राजमार्ग में कबरई कस्बा के पास बुधवार की रात तेज रफ्तार से चल रहे दो ट्रकों में आमने सामने भयंकर भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि घटना के बाद देखते ही देखते दोनों ट्रक आग का गोला बन गए। हादसे के बाद सड़क पर जाम लग गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइन लग गई। घंटों तक ट्रक धू-धू कर जलते रहे।

दर्दनाक हादसे में हमीरपुर जनपद के सुमेरपुर थाना क्षेत्र के पचखुरा खुर्द गांव निवासी चालक अशोक (30) उर्फ सोनू ट्रक की केबिन में फंस गया और ट्रक से बाहर नहीं निकल पाया। जिससे उसकी मौके पर ही जलकर दर्दनाक मौत हो गई जबकि दूसरे ट्रक चालक ने कूद कर अपनी जान बचाई है। सूचना पर कबरई थाना पुलिस व दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंच कर कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया और ट्रक में फंसे चालक के शव को बाहर निकाला है। कबरई थाना प्रभारी सत्यवेंद्र सिंह भदौरिया ने गुरुवार सुबह बताया कि मृतक चालक के शव का पंचायतनामा कराया जा रहा है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

—————

(Udaipur Kiran) / उपेन्द्र द्विवेदी

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *