Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
HEADLINES

केन्द्रीय कृषि मंत्री चौहान ने खाद वितरण व्यवस्था सुगम बनाने के दिए निर्देश

खाद वितरण, सोयाबीन फसल क्षति सहित अन्य बिन्दुओं की समीक्षा
स्वच्छ और हरित रायसेन बनाने की दिलाई शपथ

– रायसेन में केन्द्रीय मंत्री ने की खाद वितरण, सोयाबीन फसल क्षति सहित अन्य बिन्दुओं की समीक्षाभोपाल, 17 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । केन्द्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को रायसेन जिले के प्रवास के दौरान कलेक्ट्रेट में जिले में खाद की उपलब्धता तथा वितरण की समीक्षा की। साथ ही, अधिक बारिश होने से सोयाबीन फसल को हुई क्षति का आकलन करने और सांसद खेल महोत्सव के आयोजन के संबंध में विस्तृत चर्चा करते हुए अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। बैठक में केन्द्रीय कृषि मंत्री चौहान ने क्षेत्रवार खाद के आवंटन, स्टॉक तथा वितरण व्यवस्था की जानकारी लेते हुए कहा कि खाद वितरण व्यवस्था को सुगम बनाया जाए। वितरण केन्द्रों पर काउंटर्स की संख्या बढ़ाएं तथा टोकन व्यवस्था सुचारू हो।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खाद की कालाबाजारी ना हो, यह सुनिश्चित किया जाए। कहीं से खाद कालाबाजारी की शिकायत मिलने पर संबंधित पर कठोर से कठोर कार्रवाई की जाए। केन्द्रीय मंत्री ने वीसी के माध्यम से केन्द्रीय मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों को भी खाद के आवंटन के संबंध में निर्देश दिए। उन्होंने बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों से कहा कि जिले में खाद के आवंटन और वितरण के संबंध में किसानों से चर्चा करें। इसके अतिरिक्त अधिकारी, सोसायटी स्तर पर भी अग्रिम सूचना किसानों को दें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों को एनपीके का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया जाए।

केन्द्रीय कृषि मंत्री चौहान ने जिले में सोयाबीन फसल को हुई क्षति का आकलन कर प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए, जिससे कि प्रभावित किसानों को आरव्हीसी 64 या प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के माध्यम से राहत उपलब्ध कराई जा सके। उन्होंने सोयाबीन फसल क्षति के आकलन के लिए क्रॉप कटिंग कराने के भी निर्देश दिए।

उन्होंने सिलवानी क्षेत्र में बाढ़ से मकानों को हुए नुकसान की राहत राशि वितरण की जानकारी लेते हुए कहा कि जिन लोगों के मकान पूरी तरह नष्ट हो गए हैं या मरम्मत योग्य नहीं बचे हैं उनके प्रस्ताव भेजे जाएं, ऐसे प्रभावितों को पीएम आवास योजना के तहत आवास स्वीकृत किए जा सकें। बैठक में विदिशा संसदीय क्षेत्र में सांसद खेल महोत्सव के आयोजन हेतु की जा रही तैयारियों की भी जानकारी लेते हुए दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में विधायक सुरेन्द्र पटवा, जिला पंचायत अध्यक्ष यशवंत मीणा, पूर्व मंत्री रामपाल सिंह तथा राकेश शर्मा भी उपस्थित रहे। कलेक्टर अरूण कुमार विश्वकर्मा द्वारा जिले में खाद के आवंटन तथा वितरण व्यवस्था के बारे में अवगत कराया गया। सहायक कलेक्टर कुलदीप पटेल, अपर कलेक्टर मनोज उपाध्याय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार सहित संबंधित विभागों के जिला अधिकारी भी बैठक में मौजूद रहे।

स्वच्छ और हरित रायसेन बनाने की दिलाई शपथ

रायसेन स्थित कलेक्ट्रेट कार्यालय परिसर में केन्द्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों को प्रतिदिन पौधरोपण के संकल्प एवं स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। साथ ही पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और जनभागीदारी के महत्व पर चर्चा करते हुए सभी उपस्थितजनों ने स्वच्छ और हरित रायसेन बनाने का संकल्प लिया।

————–

(Udaipur Kiran) तोमर

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *