Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
UTTAR PRADESH

यूपी बोर्ड परीक्षा 8033 केंद्रों पर होगी, जनपदीय समितियों ने बढ़ाए 585 केंद्र

यूपी बोर्ड सचिव

– सबसे ज्यादा निजी स्कूलों को बनाया गया परीक्षा केंद्र

– यूपी बोर्ड के सचिव भगवती सिंह ने जारी किया सूची

प्रयागराज, 18 दिसंबर (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद प्रयागराज (यूपी बोर्ड) की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 के लिए 8033 केंद्र बनाए गए हैं। बोर्ड की ओर से ऑनलाइन प्रस्तावित केंद्रों पर आई आपत्तियों के निस्तारण के बाद जनपदीय समितियों ने इस बार 585 परीक्षा केंद्र बढ़ा दिए हैं।

जनपदीय केंद्र निर्धारण समितियों ने ऑफलाइन माध्यम से सबसे ज्यादा निजी स्कूलों के केंद्र बढ़ाए हैं। यूपी बोर्ड सचिव भगवती सिंह ने 30 नवंबर को जारी ऑनलाइन सूची में 7448 केंद्र बनाए थे, जिनमें 910 राजकीय, 3484 सहायता प्राप्त और 3054 वित्तविहीन माध्यमिक विद्यालय शामिल थे।

यूपी बोर्ड की ओर से जारी ऑनलाइन केंद्रों पर छात्र, छात्राओं, प्रधानाचार्यों, अभिभावकों और प्रबंधकों से आपत्तियां मांगी गई थी। प्रदेश भर में आठ हजार से अधिक आपत्तियां मिली। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित जिला स्तरीय समिति को आपत्तियों को निस्तारित कर केंद्र बनाने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।

आपत्ति निस्तारण के बाद जनपदीय समितियों ने केंद्रों की संख्या बढ़ाकर 8033 कर दी है। इसमें 596 राजकीय इण्टर कालेज, 3453 सहायता प्राप्त (एडेड कालेज) और 3984 वित्तविहीन विद्यालय शामिल हैं। इस तरह सबसे अधिक कटौती राजकीय विद्यालयों के केंद्रों में की गई है। यूपी बोर्ड ने 910 राजकीय विद्यालयों को केंद्र बनाया था, जबकि जनपदीय समितियों ने इसमें से 314 विद्यालयों को हटा दिया है। 31 एडेड विद्यालयों के केंद्र भी कम किए गए हैं।

यूपी बोर्ड के सचिव भगवती सिंह की ओर से बुधवार देर रात परीक्षा केन्द्र ऑनलाइन माध्यम से प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों (विद्यालय छात्र आवंटन सहित) की सूची जनपदीय केंद्र निर्धारण समिति के अनुमोदन बाद वेबसाइट upmsp.edu.in पर अपलोड कर दी गई है। उन्होंने बताया कि विद्यालय छात्र आवंटन सहित केंद्रों की सूची के सम्बंध में यदि कोई आपत्ति या शिकायत हो तो छात्र, अविभावक, प्रधानाचार्य या प्रबंधक साक्ष्यों के साथ सम्बंधित विद्यालय की आईडी से अपना ऑनलाइन प्रत्यावेदन पोर्टल upmsp.edu.in पर 22 दिसंबर तक भेज सकते हैं। इन प्रत्यावेदनों के निस्तारण के बाद परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची 30 दिसंबर तक अपलोड की जाएगी।

—————

(Udaipur Kiran) / विद्याकांत मिश्र

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *