Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
UTTAR PRADESH

कभी बीमारू राज्य कहलाने वाला उप्र हर क्षेत्र में कर रहा प्रगति : ए.के. शर्मा

कार्यक्रम में बोलते हुए नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए. के. शर्मा

-ट्रांसमिशन सिस्टम के आधुनिकीकरण से संबंधित एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन

लखनऊ, 17 दिसंबर (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन लिमिटेड ने बुधवार को ट्रांसमिशन सिस्टम के आधुनिकीकरण से संबंधित एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया। इस कार्यशाला में नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए. के. शर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन लिमिटेड आज देश की सबसे प्रमुख और भरोसेमंद ट्रांसमिशन यूटिलिटीज में से एक है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश लगातार कई वर्षों से देश का सर्वाधिक पीक लोड वाला राज्य रहा है और हाल ही में 31,486 मेगावाट की अधिकतम विद्युत मांग को सफलतापूर्वक संभालना प्रदेश के मजबूत ट्रांसमिशन नेटवर्क, बेहतर योजना और तकनीकी दक्षता का प्रमाण है।

मंत्री श्री शर्मा ने कहा कि कभी बीमारू राज्य कहलाने वाला उत्तर प्रदेश आज प्रत्येक क्षेत्र में निरंतर प्रगति कर रहा है। विद्युत क्षेत्र में उत्पादन, ट्रांसमिशन और वितरण-तीनों स्तरों पर ऐतिहासिक बदलाव हुए हैं। पिछले कुछ वर्षों में लगभग डेढ़ लाख ऐसे गांवों और बसावटों तक विद्युत पहुंचाई गई है, जहां पहले बिजली की सुविधा उपलब्ध नहीं थी। उन्होंने कहा कि ग्रीन एनर्जी और सोलर पावर के क्षेत्र में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। सोलर एनर्जी की क्षमता लगभग 130 गीगावाट तक पहुंच चुकी है, जिसमें उत्तर प्रदेश की महत्वपूर्ण भागीदारी है। ग्रीन एनर्जी कॉरिडोर के विकास में उत्तर प्रदेश देश में दूसरे स्थान पर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत को वर्ष 2070 तक नेट ज़ीरो के लक्ष्य तक पहुंचाने के लिए जो रोडमैप तैयार किया गया है, उसमें ट्रांसमिशन सिस्टम की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

ऊर्जा मंत्री ने उपलब्धियों के साथ-साथ चुनौतियों पर भी विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि उल्लेखनीय प्रगति के बावजूद अभी भी सुधार की पर्याप्त गुंजाइश है। विद्युत दुर्घटनाओं को पूरी तरह रोकने के लिए तकनीकी समाधान, आधुनिक उपकरणों का उपयोग तथा सुरक्षित कार्यप्रणाली पर इस कार्यशाला में गंभीर मंथन किया जाना चाहिए। साथ ही साइबर डेटा से जुड़ी चुनौतियों, साइबर सुरक्षा और ट्रांसमिशन सिस्टम को भविष्य के लिए और अधिक सुरक्षित व मजबूत बनाने पर भी विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है।

कार्यक्रम में ये प्रमुख लोग रहे उपस्थित

कार्यक्रम में ऊर्जा राज्य मंत्री सोमेंद्र तोमर, अपर मुख्य सचिव ऊर्जा नरेंद्र भूषण तथा चेयरमैन आशीष गोयल ने भी अपने संबोधन में विद्युत ट्रांसमिशन व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़, आधुनिक तथा विश्वसनीय बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएं अधिकारियों और तकनीकी विशेषज्ञों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इस अवसर पर एमडी मयूर माहेश्वरी और पंकज कुमार, विद्युत विभाग के सभी वरिष्ठ अधिकारियों के साथ प्रदेश भर से आए अधीक्षण अभियंता,अधिशाषी अभियंता आदि शामिल रहे। इस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण प्रदेश के सभी विद्युत सब स्टेशन पर देखा गया।

—————

(Udaipur Kiran) / मोहित वर्मा

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *