Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
UTTAR PRADESH

(अपडेट) मतदाता पुनरीक्षण प्रक्रिया लोकतांत्रिक जनजागरण का अभियान : सी.आर. पाटिल

भाजपा के बूथ सम्मेलन में केन्द्रीय मंत्री
भाजपा के बूथ सम्मेलन में केन्द्रीय मंत्री सीआर पाटिल और राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल

— भाजपा के वाराणसी जिला व महानगर के बूथ सशक्तिकरण स्नेह मिलन कार्यक्रम में शामिल हुए केन्द्रीय मंत्री

— राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल ने बूथ अध्यक्षों को दिया संदेश,अपनी कमेटी का विस्तार करें और नए लोगों को जोड़े

वाराणसी, 14 दिसंबर (Udaipur Kiran) । केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल ने कहा कि मतदाता पुनरीक्षण प्रक्रिया (एसआईआर) लोकतांत्रिक जनजागरण का अभियान है। मतदाता सूची के शुद्धीकरण से ही लोकतंत्र मजबूत होगा और मजबूत लोकतंत्र मजबूत राष्ट्र नवनिर्माण में सहायक होगा। मतदाता सूची का शुद्धिकरण प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 2047 के विकसित भारत के संकल्प को पुरा करने के लिए आवश्यक है। केन्द्रीय मंत्री यहां भारतीय जनता पार्टी के वाराणसी जिला एवं महानगर कमेटी की ओर से आयोजित बूथ सशक्तिकरण स्नेह सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।

छावनी क्षेत्र स्थित एक होटल में आयोजित सम्मेलन में केन्द्रीय मंत्री पाटिल ने कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि देश के बारह राज्यों मे चल रहे एस.आई.आर. को लेकर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी बौखला गयी है। ममता बनर्जी को पता है यदि एस.आई.आर. हुआ तो उनके द्वारा बनाए गये सारी फर्जी वोटरों का नाम सूची से हट जाएगा। एसआईआर फार्म कोई नहीं भरेगा ऐसा कहने वाली ममता बनर्जी ने सबसे पहले अपना फार्म भर दिया।प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी लगातार जनकल्याण के लिए कार्य कर रहे है। पश्चिम बंगाल के लोगो में भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति विश्वास ​बढ़ा है।

केन्द्रीय मंत्री ने बताया कि हमलोगों ने 2024 लोकसभा चुनाव के दौरान ही तय किया था कि ऐसे बूथ जो काफी कमजोर है जहां मतदान प्रतिशत कम होता है। ऐसे बूथों को अगर पार्टी के बूथ अध्यक्ष मजबूत करते है और वहां अच्छा मतदान करवाते है तो उन सभी बूथ अध्यक्षों को हम सम्मानित करेंगे।

केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 से मैं बनारस निरंतर आ रहा हूं। प्रधानमंत्री मोदी का काशी के प्रति अगाध स्नेह और आपका उनके प्रति जो विश्वास रहा है वह अतुलनीय है। आज पूरी काशी का कायाकल्प हो चुका है। देश में ऐसा कोई दूसरा शहर नही है जिसका इतनी तेजी से विकास हुआ हो। आज हर कोई चाहता है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी उनके क्षेत्र से चुनाव लड़े। लेकिन प्रधानमंत्री मोदी अपनी काशी और काशीवासियों सें अपनत्व का संबध बना चुके है।

सभी बूथ अध्यक्ष अपनी कमेटी का विस्तार करें: सुनील बंसल

सम्मेलन में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल ने कहा कि आने वाले दिनों में हमारे सभी बूथ अध्यक्ष अपनी कमेटी का विस्तार करें। बूथ अध्यक्ष नए–नए लोगों को बूथ कमेटी से जोड़कर एक सशक्त टीम तैयार करें। हमारे बूथ की यही मजबूत टीम आगामी चुनावों में मत प्रतिशत बढ़ाने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को प्रसारित होने वाली प्रधानमंत्री मोदी के मन की बात के कार्यक्रम को बूथ पर संख्या बल के साथ सुनने का काम करें।

उन्होंने कहा कि नए मतदाताओं को जोड़ने के लिए फॉर्म 6 भी भरवाना है ताकि 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके हर नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल हो सके। एसआईआर का जिक्र कर राष्ट्रीय महामंत्री ने कहा कि इस अभियान को और गति प्रदान करने के लिए बूथ के कार्यकर्ता अपने बूथों पर और अधिक सक्रिय हों।

इसके पहले केन्द्रीय मंत्री सीआर पाटिल का स्वागत शहर दक्षिणी विधानसभा के भाजपा मध्यमेश्वर मंडल के बूथ संख्या 25 के बूथ अध्यक्ष कन्हैया लाल यादव ने किया। पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल का स्वागत काशी विश्वनाथ मंडल के बूथ संख्या 277 के बूथ अध्यक्ष सौरव गुप्ता किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि और धन्यवाद ज्ञापन जिलाध्यक्ष व एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा, संचालन महानगर महामंत्री जगदीश त्रिपाठी ने किया।

कार्यक्रम में इनकी रही उपस्थिति

बूथ सम्मेलन में राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल, राज्यमंत्री डॉ दयाशंकर मिश्र, दयालु, शहर दक्षिणी विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी, कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव, महापौर अशोक कुमार तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य, एमएलसी अश्विनी त्यागी, पूर्व विधायक जगदीश पटेल, एमएलसी धर्मेंद्र राय विधायक प्रतिनिधि अदिती पटेल मंच पर मौजूद रही। वहीं, कार्यक्रम में पूर्व महापौर मृदुला जायसवाल, डॉ वीणा पांडेय, रामगोपाल मोहले, सुभाष चंद्र गुप्त, नवेंदु उपाध्याय, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी नवरतन राठी, संतोष सोलापुरकर, संजय सोनकर, प्रवीण सिंह गौतम, जेपी दूबे, अशोक पटेल, इंजिनियर अशोक यादव,साधना वेदांति, गीता शास्त्री, शिवशरण पाठक, अजय सिंह, सुधीर मिश्रा आदि की खास उपस्थिति रही।

—————

(Udaipur Kiran) / श्रीधर त्रिपाठी

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *