Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
HEADLINES

उत्तराखंड के कांग्रेस अध्यक्ष गोदियाल ने अंकिता भंडारी मामले की सीबीआई जांच की मांग की

गणेश गोदियाल

नई दिल्ली, 23 दिसंबर (Udaipur Kiran) । उत्तराखंड के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने मंगलवार को अंकिता भंडारी हत्याकांड की केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराने की मांग की।

गोदियाल ने यहां पार्टी मुख्यालय में पत्रकार वार्ता में दावा किया कि पूर्व विधायक सुरेश राठौर का एक ऑडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वो अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़ा खुलासा कर रहे हैं। पत्रकार वार्ता के दौरान एक महिला का वीडियो भी दिखाया गया, जिसमें वह खुद को सुरेश राठौर की कथित पत्नी बता रही है। महिला ने दावा किया कि उसके पास राठौर के वीडियो मौजूद हैं और वे सोशल मीडिया पर भी उपलब्ध हैं।

गोदियाल ने कहा कि दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस का उद्देश्य प्रधानमंत्री तक यह मामला पहुंचाना है। उन्होंने प्रधानमंत्री से मांग की कि इस मामले की जांच सीबीआई से कराई जाए ताकि दोषियों को सख्त सजा मिल सके।

उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल की रहने वाली अंकिता भंडारी ऋषिकेश स्थित वनंतरा रिज़ॉर्ट में रिसेप्शनिस्ट थी। सितंबर 2022 में उसके लापता होने की खबर आई थी और दो दिन बाद चीला नहर से उनका शव बरामद हुआ था। इस मामले में रिज़ॉर्ट मालिक पुलकित आर्य, सौरभ भास्कर और अंकित गु्ता को हत्या, साक्ष्य मिटाने और अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया गया था। अंकिता के परिजनों ने सीबीआई जांच की मांग की थी लेकिन राज्य सरकार और बाद में सुप्रीम कोर्ट ने इसे अस्वीकार कर दिया। राज्य सरकार ने इस मामले की जांच की जिम्मेदारी विशेष जांच टीम (एसआईटी) को सौंपी।

———-

(Udaipur Kiran) / प्रशांत शेखर

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *