Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
UTTAR PRADESH

स्वदेशी मेला आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सराहनीय कदम : कुलपति

ट्रेड शो मेले के मंच पर मौजूद मातृ शक्तियां
ट्रेड शो मेले में महिलाओं को चेक प्रदान करते हैं कुलपति और जिलाधिकारी एवं अन्य मातृ शक्तियां

जौनपुर,17 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । नगर के बीआरपी इंटर कॉलेज के मैदान में यूपी ट्रेड शो स्वदेशी मेला 2025 आयोजित है। जिसमें हस्तशिल्पियों, कारीगरों, उद्यमियों द्वारा स्थानीय स्तर पर उत्पादित किये जा रहे उत्पादों को आम जनमानस द्वारा स्वदेशी खरीददारी की जा रही है। मेले में विविध स्थानीय उत्पाद व स्टॉल भी लगाए गए हैं।

शुक्रवार को कार्यक्रम के 9वें दिन मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत कुलपति पूर्वांचल विश्वविद्यालय प्रो० वंदना सिंह, पूर्व विधायक डॉ० सुरेंद्र सिंह, जिलाधिकारी डॉ० दिनेश चंद्र सहित मातृ शक्तियों तथा अन्य प्रबुद्धजन के द्वारा फीता काटकर कार्यक्रम की शुरुआत की गई। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना के लाभार्थी अमरजीत सिंह द्वारा सभी मातृ शक्तियों को साफा पहनाया गया। इसके उपरांत मुख्य अतिथि कुलपति डॉ वंदना सिंह सहित अन्य मातृशक्ति और विशिष्टजन के द्वारा क्रमवार स्टालों का निरीक्षण किया गया।

मुख्य अतिथि सहित अन्य द्वारा सजावटी वस्तुओं दरी, साड़ी सहित अन्य स्वदेशी उत्पादों की खरीददारी की गई तथा विक्रेताओं को प्रोत्साहित किया गया।कंपोजिट विद्यालय की बच्चियों ने दीपावली के अवसर पर दीया लेकर मनमोहक नृत्य की प्रस्तुति दी। कौशल विकास मिशन की महिलाओं ने स्वनिर्मित वस्त्रों के साथ रैंप शो की प्रस्तुति दी। रैंप वॉक में शामिल सभी महिलाओं को मेडल देकर सम्मानित किया गया।

इस मौके पर कुलपति ने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का सपना है 2047 तक भारत को विकसित और समर्थ उत्तर प्रदेश बनाना। यह तभी संभव होगा जब हम आत्मनिर्भर होंगे, स्थानीय स्तर पर बने उत्पादों का उपयोग करेंगे। स्वदेशी मेला आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सराहनीय कदम है। जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं हिस्सा लेकर स्थानीय स्तर पर उत्पादों का निर्माण और विक्रय कर रही हैं। आज महिलाएं आत्मनिर्भर हो रही हैं, यह बड़ी उपलब्धि है। स्वदेशी उत्पादों का इस्तेमाल करेंगे तो निश्चित रूप से विदेशी सामानों पर निर्भरता समाप्त हो जाएगी। देश का पैसा देश में ही रहेगा, जिससे हमारे देश के आर्थिक विकास को गति मिलेगी।

जिलाधिकारी डॉ० दिनेश चंद्र ने कहा कि स्वदेशी मेला आज का दिन मातृशक्तियों के लिए समर्पित है। भारत के प्रधानमंत्री 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र के रूप में देखना चाहते हैं, जिसके लिए आप सभी समर्थ पोर्टल पर अधिक से अधिक सुझाव दें। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना की दो महिला लाभार्थियों को 5 लाख का चेक वितरित किया गया। कार्यक्रम का संचालन उपजिलाधिकारी बदलापुर ने किया।

(Udaipur Kiran) / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *