Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
UTTAR PRADESH

विकसित भारत बिल्डाथॉन का उद्देश्य विद्यालय स्तर पर नवाचार को प्रोत्साहन देना : धर्मेंद्र प्रधान

विकसित भारत बिल्डाथॉन कार्यक्रम में उपस्थित मुख्य अतिथि सुनील यादव छात्रों को संबोधित करते हुए

जौनपुर,13 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । “विकसित भारत बिल्डाथॉन 2025” के तहत जनपद स्तरीय भव्य कार्यक्रम का आयोजन सोमवार को पी.एम. श्री विद्यालय, कोठवार (ब्लॉक करंजाकला) में बड़े उत्साह और गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में जिलेभर से शिक्षकों, विद्यार्थियों और शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि सुनील यादव ‘मम्मन’ ने मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर एवं माल्यार्पण कर किया। इसके बाद राष्ट्रीय सजीव प्रसारण के माध्यम से देशभर के विद्यालयों को केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से जोड़ा गया।

कार्यक्रम में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने अपने संबोधन में कहा कि “विकसित भारत बिल्डाथॉन 2025 का उद्देश्य विद्यालय स्तर पर नवाचार को प्रोत्साहन देना है। यह कार्यक्रम विद्यार्थियों को अपने विचारों, थीम और सृजनात्मक उत्पादों के माध्यम से आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान देने का अवसर प्रदान करेगा।” उन्होंने कहा कि देश के भावी नागरिकों को शिक्षा के साथ-साथ स्वदेशी उत्पादों के निर्माण और तकनीकी कौशल में भी निपुण बनाना इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है।

लाइव टेलीकास्ट के बाद विद्यालय के विद्यार्थियों ने विकसित भारत की अवधारणा पर आधारित आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों ने अपने विचारों, गीतों और नाट्य मंचन के माध्यम से “नवाचार, आत्मनिर्भरता और स्वदेशी विकास” की झलक प्रस्तुत की। कार्यक्रम स्थल पर मौजूद शिक्षकों और अभिभावकों ने बच्चों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए स्वागत किया।

मुख्य अतिथि सुनील यादव ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में नवाचार की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि “बिल्डाथन जैसा कार्यक्रम बच्चों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करता है और उन्हें स्वदेशी सोच के साथ सृजनात्मक दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता है।”

खंड शिक्षा अधिकारी श्रवण कुमार यादव ने कार्यक्रम के महत्व पर विस्तारपूर्वक चर्चा करते हुए बताया कि विकसित भारत बिल्डाथन का मुख्य उद्देश्य शिक्षा को प्रयोगात्मक और रचनात्मक बनाना है। उन्होंने शिक्षकों से आग्रह किया कि वे बच्चों को इस दिशा में मार्गदर्शन देकर उन्हें देश के विकास अभियानों से जोड़ें।

वहीं पूर्व ए.आर.पी. सुशील उपाध्याय ने भी इस अवसर पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि बिल्डाथॉन कार्यक्रम विद्यार्थियों की प्रतिभा को सामने लाने का एक सशक्त माध्यम है। कार्यक्रम का संचालन नूपुर श्रीवास्तव ने किया।

—————

(Udaipur Kiran) / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *