Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
HimachalPradesh

चंडीगढ़–शिमला फोरलेन के मुद्दे पर लोकसभा में आवाज उठाने पर प्रियंका गांधी का आभार: विनय कुमार

विनय कुमार।

शिमला, 20 दिसंबर (Udaipur Kiran) । प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने चंडीगढ़–शिमला फोरलेन की बदहाल स्थिति को लोकसभा में मजबूती से उठाने के लिए अखिल भारतीय कांग्रेस महासचिव एवं सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा का हार्दिक आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि हिमाचल से चुने गए भाजपा सांसदों को प्रदेश की सुरक्षा, सुविधा और भविष्य से कोई सरोकार नहीं है और वे इस गंभीर मुद्दे पर मूकदर्शक बने हुए हैं।

विनय कुमार ने कहा कि चंडीगढ़–शिमला फोरलेन आए दिन लैंडस्लाइड के कारण बाधित रहता है, जिससे आम जनता, पर्यटक, मरीज और आपात सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हो रही हैं। यह महज अव्यवस्था नहीं, बल्कि लोगों की जान से खिलवाड़ है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रियंका गांधी ने प्रदेशहित में निर्माण कार्यों की खामियों को बेनकाब किया है और इन गंभीर समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाना अनिवार्य है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में चल रहे फोरलेन निर्माण कार्यों में पहले ही व्यापक स्तर पर खामियां सामने आ चुकी हैं। अवैज्ञानिक कटिंग, घटिया ड्रेनेज सिस्टम और कमजोर रिटेनिंग वॉल के कारण जगह-जगह लैंडस्लाइड हो रहे हैं, जिससे न केवल सटे हुए भवनों बल्कि पूरे गांवों और क्षेत्रों का अस्तित्व खतरे में पड़ता जा रहा है। यह विकास नहीं, बल्कि विनाश का रोडमैप है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि यही स्थिति कीरतपुर–मनाली फोरलेन की भी है, जहां वही लापरवाही और वही तकनीकी त्रुटियां देखने को मिल रही हैं। इसके बावजूद भाजपा सांसदों की चुप्पी उनकी असंवेदनशीलता को उजागर करती है। इसके विपरीत, प्रियंका गांधी ने हिमाचल के लोगों की रोजमर्रा की परेशानियों और निर्माण कार्यों में हो रही गंभीर लापरवाही को संसद में पूरी ताकत से उठाया है, जिसके लिए प्रदेश कांग्रेस उनका आभार व्यक्त करती है।

विनय कुमार ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से आग्रह किया कि हिमाचल प्रदेश में चल रहे फोरलेन निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए। उन्होंने मांग की कि रिटेनिंग वॉल और ड्रेनेज सिस्टम को वैज्ञानिक मानकों के अनुरूप तत्काल दुरुस्त किया जाए, ताकि बार-बार होने वाले लैंडस्लाइड और जान-माल के संभावित नुकसान को रोका जा सके।

—————

(Udaipur Kiran) शुक्ला

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *