Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
UTTAR PRADESH

ऐसा सबक सिखाएंगे कि पीढ़ियां दंगा करना भूल जाएंगी: योगी आदित्यनाथ

विकसित उत्तर प्रदेश के कार्यक्रम में योगी आदित्यनाथ

2047 तक यूपी 6 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनेगा : मुख्यमंत्री

लखनऊ, 27 सितंबर (Udaipur Kiran News) । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बरेली की घटना पर कहा कि बरेली में एक मौलाना भूल गया था कि शासन किसका है। वह धमकी देकर जाम लगाने की बात करता था, लेकिन हमने कहा कि न जाम होगा, न कर्फ्यू लगेगा। हम ऐसा सबक सिखाएंगे कि तुम्हारी आने वाली पीढ़ियां भी दंगा करना भूल जाएंगी।

योगी आदित्यनाथ ने जोर देकर कहा कि 2017 के बाद उनकी सरकार ने दंगाइयों को चुन-चुनकर सजा दी और ऐसी भाषा में जवाब दिया, जो वे समझते थे। इस सख्ती ने उत्तर प्रदेश में शांति और सुरक्षा का नया युग स्थापित किया, जिससे यूपी की ग्रोथ स्टोरी की शुरुआत हुई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को राजधानी में आयोजित ‘विकसित उत्तर प्रदेश विजन @2047’ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

यूपी अब 70 हजार करोड़ के रेवेन्यू सरप्लस वाला स्टेट

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश की ग्रोथ स्टोरी उन लोगों के लिए अविश्वसनीय है, जो पौरुष की कमी और अपने पुरुषार्थ को करने से डरते थे। उन्होंने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें अवसर तो मिला, लेकिन उन्होंने इसे परिवारवाद, लूट-खसोट और अराजकता का जरिया बना लिया। सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में हमने ईश्वर और अपने पुरुषार्थ पर विश्वास के साथ उत्तर प्रदेश को बीमारू राज्य से बाहर निकाला। आज यह ग्रोथ स्टोरी उस कहानी को आपके सामने लाएगी।

सीएजी की रिपोर्ट का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश 2023 में 37 हजार करोड़ रुपये के राजस्व अधिशेष (रेवेन्यू सरप्लस) वाला राज्य था और वर्तमान में यह बढ़कर 70 हजार करोड़ रुपये हो गया है। इतनी बड़ी आबादी वाला राज्य बिना किसी रुकावट के अपने सभी विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ा रहा है। उन्होंने कहा कि परिवारवाद और जातिवाद की राजनीति ने यूपी के विकास को बाधित किया था। दंगों की आग में व्यापार को बर्बाद किया गया और भ्रष्ट व्यवस्था ने नौकरशाही को अपंग बना दिया था। लेकिन आज हमने उस यूपी को फिर से भारत की अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा बना दिया है।

विकसित यूपी @ 2047 के लिए अबतक मिल चुके 6 लाख से अधिक सुझाव

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि यूपी इस लक्ष्य का नेतृत्व करेगा। उन्होंने कहा कि हमने 27-28 घंटे तक विधानसभा में इस विषय पर चर्चा की। 300 से ज्यादा विद्वान जनता के बीच सुझाव ले रहे हैं। समर्थ पोर्टल के माध्यम से अब तक 6 लाख से अधिक सुझाव मिल चुके हैं। सीएम योगी ने बताया कि 2016 में यूपी की अर्थव्यवस्था 12 लाख करोड़ थी, जो इस वित्तीय वर्ष में 35 लाख करोड़ तक पहुंच जाएगी। प्रति व्यक्ति आय 45 हजार से बढ़कर 1 लाख 20 हजार रुपये हो गई है। उन्होंने कहा कि हमने 12 सेक्टरों में तेजी से काम करने का लक्ष्य रखा है। पर्यटन, निवेश, इन्फ्रास्ट्रक्चर जैसे क्षेत्रों में सुधार दिख रहा है। हमने 52वां प्राइवेट विश्वविद्यालय स्थापित किया और हर जिले में मेडिकल कॉलेज देने की दिशा में काम कर रहे हैं। योगी ने पूर्ववर्ती सरकारों पर तंज कसते हुए कहा कि उन्होंने हर जिले में एक माफिया दिया था, हम हर जिले में एक मेडिकल कॉलेज दे रहे हैं।

हमने आधारशिला तैयार कर ली है, अब मजबूत इमारत बनाने का समय

मुख्यमंत्री ने गर्व के साथ कहा कि यूपी अब भारत का ग्रोथ इंजन बन चुका है। देश में जितना मोबाइल फोन और इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट बन रहा है, उसमें 55 फीसदी हिस्सा यूपी का है। उन्होंने कहा कि कृषि में हमारी क्षमता तीन गुना और बढ़ सकती है। हमने आधारशिला तैयार कर ली है, अब मजबूत इमारत बनाने का समय है। योगी ने जोर देकर कहा कि 2047 तक यूपी 6 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनेगा और यह नागरिकों की आशाओं और अकांक्षाओं को पूरा करने का वर्ष होगा। उन्होंने अंत में कहा कि विकसित यूपी हमारा मंत्र और संकल्प है। यह हमारी दिनचर्या का हिस्सा होना चाहिए।

कार्यक्रम में डीजीपी राजीव कृष्ण, प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद, प्रमुख सचिव नियोजन आलोक कुमार सहित तमाम लोग मौजूद रहे।

—————-

(Udaipur Kiran) / बृजनंदन

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *