Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
HEADLINES

मणिपुर में हथियारों का जखीरा बरामद, उग्रवादी कैडर व ड्रग तस्कर गिरफ्तार

मणिपुर में सुरक्षा बलों की कार्रवाई में हथियार बरामदगी और उग्रवादी कैडरों व ड्रग तस्कर की गिरफ्तारी से संबंधित तस्वीरें।

इम्फाल, 14 दिसंबर (Udaipur Kiran) । मणिपुर में बीते 24 घंटे में सुरक्षा बलों और मणिपुर पुलिस ने अलग-अलग जिलों में व्यापक अभियान चलाकर हथियारों का जखीरा बरामद किया, कई उग्रवादी संगठनों के सक्रिय कैडरों को गिरफ्तार किया और एक ड्रग तस्कर को भी दबोचा।

पुलिस प्रवक्ता ने रविवार को बताया कि, काकचिंग जिले के सुगनू थाना क्षेत्र अंतर्गत मोल्टिनचैन गांव इलाके में चलाए गए तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक बरामद किए। बरामद सामग्री में एक एसएलआर बिना मैगजीन, स्थानीय रूप से निर्मित एक बोल्ट-एक्शन स्नाइपर राइफल खाली मैगजीन सहित, एक डीबीबीएल, एक एसबीबीएल, खाली मैगजीन सहित एक स्थानीय पिस्तौल, एक 36 एचई हैंड ग्रेनेड बिना डेटोनेटर, 7.62 एलएमजी की एक खाली मैगजीन, तीन ट्यूब लॉन्चिंग, एसएलआर की 15 गोलियां, पांच स्टन शेल और एक 51 मिमी एचई बम शामिल हैं।

मणिपुर पुलिस ने बिष्णुपुर जिले के कुम्बी थाना क्षेत्र अंतर्गत कुम्बी मायाई लेइकाई वार्ड नंबर-6 से प्रतिबंधित संगठन प्रीपाक (प्रो) के एक सक्रिय कैडर थंगजाम प्रियोबार्ता सिंह उर्फ योक्खतपा (35) को उसके आवास से गिरफ्तार किया।

इंफाल पश्चिम जिले के सिंगजामेई थाना क्षेत्र के कांचीपुर इलाके से सुरक्षा बलों ने प्रीपाक (प्रो) के दो सक्रिय उगाहीकर्ताओं को भी पकड़ा। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान काकचिंग जिले के काकचिंग थोंगलान पारेंग निवासी क्षत्रिमयुम अबिनाश सिंह (21) और इंफाल पश्चिम जिले के क्वाकेइथेल थोकचोम लेइकाई निवासी राजकुमार डेनियल सिंह (31) उर्फ लोयताबा उर्फ जेस्सी उर्फ नाओटन के रूप में हुई है। इनके पास से एक 9 मिमी पिस्टल, मैगजीन में लोड 12 राउंड, .38 कैलिबर के दो कारतूस, तीन मोबाइल फोन और एक दोपहिया वाहन जब्त किया गया।

इंफाल पूर्व जिले के पोरोमपट थाना क्षेत्र अंतर्गत मोइरांगकंपू साजेब मखा लेइकाई इलाके से यूएनएलएफ (कोइरेंग) की दो सक्रिय महिला कैडरों को भी गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार महिलाओं में तुमुखोंग अवांग लेइकाई निवासी तखेल्लामबम सनथोई चानू उर्फ लोइंगकपी (19) और मोइरांगकंपू साजेब मखा लेइकाई निवासी कोंगब्राइलकपाम रमेशोरी देवी उर्फ लांगलेन उर्फ बेम्मा उर्फ बुचू (19) शामिल हैं। इनके पास से दो मोबाइल फोन बरामद किए गए।

एक अन्य कार्रवाई में सुरक्षा बलों ने इंफाल पश्चिम जिले के लम्पेल थाना क्षेत्र अंतर्गत लम्पेल सुपर मार्केट से यूएनएलएफ (पी) के एक सक्रिय उगाहीकर्ता करम मणिकांत सिंह उर्फ अमुबा उर्फ एमके खुमन (46) को गिरफ्तार किया। उसके पास से दो मोबाइल फोन और एक पैन कार्ड सहित 1,020 नकद से भरा पर्स जब्त किया गया।

इसके अलावा, मणिपुर पुलिस ने इंफाल पूर्व जिले के पोरोमपट थाना क्षेत्र के पोरोमपट पांगल लेइराक इलाके से एक ड्रग तस्कर बेसैमयुम याइबी (47) को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से हेरोइन नंबर-4 से भरे सात साबुन के डिब्बे बरामद किए गए।

पुलिस ने बताया कि सभी मामलों में आगे की जांच जारी है और राज्य में अवैध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

—————

(Udaipur Kiran) / श्रीप्रकाश

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *