Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
HimachalPradesh

शिमला में विंटर कार्निवल की शुरुआत, सीएम सुक्खू ने महा नाटी में लिया हिस्सा

मुख्यमंत्री विंटर कार्निवल की शुरुआत करते

शिमला, 24 दिसंबर (Udaipur Kiran) । राजधानी शिमला में बुधवार से नौ दिवसीय विंटर कार्निवल की औपचारिक शुरुआत हो गई। रिज मैदान पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हिमाचल की पारंपरिक वेशभूषा और वाद्य यंत्रों की धुनों के बीच सांस्कृतिक परेड को हरी झंडी दिखाकर कार्निवल का शुभारंभ किया। इस परेड में प्रदेश के सभी जिलों से आए सांस्कृतिक दलों ने भाग लिया और हिमाचल की लोक परंपराओं की झलक पेश की।

शुभारंभ के दौरान महिलाओं ने ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ का संदेश देते हुए महा नाटी डाली, जिसमें मुख्यमंत्री सुक्खू ने भी हिस्सा लिया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने गेयटी थियेटर में आयोजित चित्रकला प्रदर्शनी, टाउन हॉल के समीप महा नाटी कार्यक्रम और होम गार्ड इंटर बटालियन बैंड प्रतियोगिता का अवलोकन किया।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि विंटर कार्निवल युवाओं और पर्यटकों को हिमाचल की समृद्ध संस्कृति और परंपराओं को करीब से जानने का अवसर देता है। उन्होंने पर्यटकों से बड़ी संख्या में हिमाचल आने की अपील करते हुए कहा कि प्रदेश की स्वच्छ हवा, शांत वातावरण और प्राकृतिक सुंदरता उन्हें आनंद के साथ बेहतर स्वास्थ्य का अनुभव भी कराएगी। मुख्यमंत्री ने पर्यटकों से संवाद भी किया और उनके अनुभव जाने, साथ ही भरोसा दिलाया कि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी।

मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि हिमाचल प्रदेश को प्रकृति ने अद्वितीय सौंदर्य से नवाजा है और हर साल करोड़ों पर्यटक यहां आते हैं। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सरकार आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के साथ-साथ सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने पर भी जोर दे रही है। शिमला के साथ-साथ धर्मशाला में भी इसी तरह के कार्निवल आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को संबल मिलता है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में ईको-टूरिज्म की संभावनाओं को देखते हुए नई संशोधित ईको-टूरिज्म नीति लागू की गई है। इसके तहत वन विभाग द्वारा 11 ईको-टूरिज्म स्थलों का आवंटन किया जा चुका है और 27 अन्य स्थलों की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। वर्ष 2023 से नवंबर 2025 तक ईको-टूरिज्म गतिविधियों से करीब छह करोड़ रुपये की आय हुई है। इसके अलावा होम-स्टे को बढ़ावा देने के लिए ब्याज अनुदान योजना शुरू की गई है और पंजीकरण के लिए ऑनलाइन पोर्टल भी उपलब्ध कराया गया है।

विंटर कार्निवल के दौरान मॉल रोड और रिज मैदान पर लोगों के मनोरंजन के लिए जगह-जगह कलाकारों की प्रस्तुतियां होंगी। इसमें बेहरूपीये, जादूगर और अन्य लोक कलाकार शामिल हैं। पर्यटकों के लिए कई सेल्फी प्वाइंट भी बनाए गए हैं। कार्निवल की पहली सांस्कृतिक संध्या में ‘सारेगामापा’ की गायिका पायल ठाकुर और पंजाबी गायक रोहनप्रीत सिंह प्रस्तुति देंगे।

कार्निवल के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। शिमला शहर को पांच सेक्टरों में बांटा गया है और सभी सेक्टरों की जिम्मेदारी एडीएम लॉ एंड ऑर्डर के पास रहेगी। हर सेक्टर में एक वरिष्ठ अधिकारी की तैनाती की गई है।

—————

(Udaipur Kiran) / उज्जवल शर्मा

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *